भवन में सस्ती दरों पर पोषण आहार उपलब्ध कराने के लिए शुरू की जाएगी कैंटीन
- 1.4 करोड़ रुपये का हुआ टेंडर, ठेकेदार को मिले अभी 70 लाख
- दो मंजिला भवन का 80 प्रतिशत कार्य हो चुका है पूरा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला अस्पताल में बन रहे पोषण आहार सुविधा भवन का निर्माण बजट के अभाव में लटक गया है। इस भवन में मरीजों को सस्ती दरों पर पोषण आहार उपलब्ध कराने के लिए कैंटीन शुरू की जाएगी।
दो मंजिला भवन के निर्माण के लिए करीब 1.5 करोड़ रुपये का टेंडर किया गया था, लेकिन ठेकेदार को अभी तक 70 लाख रुपये ही प्राप्त हुए हैं। अस्पताल के मुख्य गेट के सामने बने रहे इस भवन का निर्माण करीब 80 प्रतिशत पूरा भी हो चुका है। भवन की धरातल मंजिल पर रसोई, काउंटर, तीन शौचालय और हॉल का निर्माण किया गया है। इसकी ऊपरी मंजिल पर चिकित्सकों सहित अन्य स्टाफ के बैठने के लिए हॉल, शौचालय और सर्विस डेस्क का निर्माण किया है। भवन में खिड़कियां, दरवाजे, बिजली, रंग रोगन सहित कुछ अन्य काम बचे हैं। यह काम बजट के अभाव में आगे नहीं बढ़ पा रहा है। नौबत अब यह आ गई है कि ठेकेदार को काम बंद करना पड़ा है। जानकारी के अनुसार लोक निर्माण विभाग ने शेष बचे बजट को उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ पत्राचार किया है। बता दें कि वर्तमान में जिला अस्पताल की कैंटीन ट्राॅमा सेंटर के दो कमरों में चल रही है। इसमें न तो लोगों के बैठने और न ही खाना बनाने के लिए पर्याप्त जगह है। लोगों के बैठने के लिए सड़क किनारे टेबल लगाए गए हैं। इसी कारण पूर्व में रहे उपायुक्त पंकज राय के समय पोषण आहार सुविधा केंद्र को बनाने की कवायद शुरू की गई थी। भवन के निर्माण के लिए प्रशासन ने जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट के माध्यम से बजट भी उपलब्ध कराया, लेकिन अधूरा बजट मिलने से काम पूरा नहीं हो पा रहा है।