शहीद स्मारक से डीसी कार्यालय तक निकाला मार्च, राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर केस वापस लेने की मांग
खरगे के कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धिकरण की निष्पक्ष जांच की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। उत्तराखंड भाजपा की ओर से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर ने धरना-प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजना धीमान के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक से उपायुक्त कार्यालय तक नारेबाजी करते हुए मार्च किया। इसके बाद उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को तत्काल रद्द करने की मांग की गई। ज्ञापन में कांग्रेस ने उत्तराखंड में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धिकरण की घटना की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई। कांग्रेस ने कहा कि छुआछूत, जातिगत भेदभाव और सामाजिक असमानता को बढ़ावा देने वाली किसी भी गतिविधि के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रदर्शन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश और हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार के आदेश पर आयोजित किया गया। धरने को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजना धीमान ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को दबाना और राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ बदले की भावना से कार्रवाई करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। कांग्रेस सामाजिक न्याय, समानता और संविधान के मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।
पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने कहा कि विपक्षी नेताओं को निशाना बनाना लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने सामाजिक भेदभाव और छुआछूत जैसी कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाई है। ऐसी आवाज को एफआईआर के माध्यम से दबाने का प्रयास स्वीकार्य नहीं है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संविधान सभी नागरिकों को समानता और सम्मान का अधिकार देता है। छुआछूत और जातिगत भेदभाव का संविधान में स्पष्ट निषेध है। उन्होंने राजनीतिक प्रतिशोध की राजनीति बंद करने और राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी महासचिव विवेक कुमार, महासचिव संगठन अधिवक्ता अनुराग पंडित, जिला कांग्रेस पदाधिकारी हीरापाल, कुलदीप सिंह, लेखराम धीमान, सुमन कुमार, हेमचंद, संदीप, अमित कुमार, सुलक्षणा, प्रीति भाटिया, नीलम, आशीष, राजीव, मनोहर और सुरेंद्र सहित ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष व पदाधिकारी, अग्रणी संगठनों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।