स्वार्थ पूरे करने, राजनीतिक विरोधियों को कुचलने के लिए बनाना चाहते हैं सरकार
झंडूता विधायक ने रोहल, समोह, निहाणी, सुन्हाणी में सुनीं जन समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। झंडूता के विधायक जीतराम कटवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विचारहीन, दिशाहीन पार्टी बनकर रह गई है। उसके नेताओं को खुद पता नहीं होता कि वे क्या कह रहे हैं, कर क्या रहे हैं। राहुल गांधी विदेशों में जाकर भारत की निंदा कर रहे हैं। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे कह रहे हैं कि यदि उनकी 20 ज्यादा सीटें आतीं तो भाजपा के कई नेता जेल में होते।
कटवाल ने कहा कि जाहिर है कि वे देश के विकास और जनता का भला करने के लिए नहीं, बल्कि अपने स्वार्थ पूरे करने,अपने राजनीतिक विरोधियों को कुचलने के लिए सरकार बनाना चाहते हैं। भाजपा के सदस्यता अभियान के मद्देनजर रविवार को जीतराम कटवाल ने झंडूता विधानसभा क्षेत्र की रोहल, समोह, निहाणी, सुन्हाणी, बलोह व बरठीं पंचायतों का दौरा किया। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं। ज्यादातर समस्याओं का निपटारा मौके पर करते हुए उन्होंने बाकी समस्याओं के निपटाने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाने साधते हुए लोगों को भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया।
जीतराम कटवाल ने झंडूता पंचायत के बरनोट में ऐतिहासिक व प्रसिद्ध मेले के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि भी शिरकत की। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए मेला कमेटी, पंचायत व स्थानीय लोगों को बधाई देते हुए कहा कि मेले और त्योहार हमारी अमूल्य सांस्कृतिक धरोहरें हैं। उन्होंने मेले में आयोजित रस्साकस्सी, कुर्सी दौड़ व कबड्डी आदि स्पर्धाओं के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया। उन्होंने मेला परिसर के विकास के लिए पंचायत को आर्थिक सहायता देने के साथ आश्वासन दिया कि भविष्य में भी यह सिलसिला जारी रहेगा।