शिव मंदिर से निकली रैली, हनुमान मंदिर में भजन-कीर्तन कर उठाई कार्रवाई की मांग
मंत्री राजेश धर्माणी बोले-आस्था से जुड़े हर रुपये का हिसाब देश को मिलना चाहिए
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोपों के विरोध में शनिवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी घुमारवीं ने तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी के नेतृत्व में विरोध रैली निकाली। रैली की शुरुआत घुमारवीं के शिव मंदिर से हुई, जहां कार्यकर्ताओं ने राम मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीराम का आशीर्वाद लिया। इसके बाद रैली मुख्य बाजार से होती हुई श्री नरसिंह मंदिर परिसर पहुंची।
श्री नरसिंह मंदिर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संकट मोचन भगवान हनुमान की प्रतिमा के समक्ष भजन-कीर्तन किया और राम मंदिर में कथित चंदा चोरी और लोगों की आस्था के साथ विश्वासघात करने वालों को दंडित करने की प्रार्थना की। सभा को संबोधित करते हुए मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं। उनके नाम पर जुटाए गए एक-एक रुपये का हिसाब देश की जनता को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी धर्म या आस्था का विरोध नहीं कर रही, बल्कि भगवान के नाम पर होने वाले कथित भ्रष्टाचार और जवाबदेही की कमी का विरोध कर रही है। धर्माणी ने आरोप लगाया कि राम मंदिर निर्माण से पहले भूमि खरीद-फरोख्त में भी बड़े स्तर पर अनियमितताओं के आरोप सामने आए थे। लाखों रुपये में खरीदी गई जमीन को कुछ ही समय बाद कई गुना अधिक कीमत पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को बेचा गया, लेकिन इस मामले में न केंद्र सरकार और न ही उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रभावी कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि इसी ढिलाई के कारण अब भगवान के नाम पर चढ़ाए गए चंदे में भी कथित गड़बड़ी के आरोप सामने आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह केवल धन का मामला नहीं, बल्कि करोड़ों रामभक्तों की आस्था से जुड़ा विषय है। जिन्होंने भगवान के नाम पर लोगों के विश्वास के साथ खिलवाड़ किया है, उन्हें कानून और भगवान दोनों के न्याय का सामना करना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार इस मामले में जवाब देने से बच रही हैं, इसलिए कांग्रेस कार्यकर्ता भगवान हनुमान के दरबार में न्याय की गुहार लगाने पहुंचे हैं। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजना धीमान, बीडीसी अध्यक्ष उषा देवी, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष रीता सहगल, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी घुमारवीं के मीडिया प्रभारी राहुल ठाकुर, पूर्व नगर परिषद उपाध्यक्ष श्याम शर्मा, राजीव शर्मा, सतीश शर्मा सहित कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।