-बोले, सत्ता से दूर होने के सदमे से अभी तक नहीं उभरी भाजपा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक निदेशक एवं सदर युवा कांग्रेस नेता सुनील शर्मा ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार कर्मचारी, पेंशनर हितैषी होने के साथ-साथ समाज के हर वर्ग का विशेष ध्यान रख रही है। वहीं पूर्व में भाजपा सरकार ने सभी वर्गों के साथ छल किया है।
प्रेस को जारी बयान में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने कथनानुसार 28 अक्तूबर को कर्मचारियों को वेतन और पेंशनर को डीए की किस्त देने के वादों को पूरा कर दिया है। इससे साबित हो गया है कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को प्रदेश के कर्मचारियों और पेंशनर की पूरी चिंता हैै। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रदेश के 1.90 लाख पेंशनरों को महंगाई भत्ता यानी डीए की किस्त जारी कर दिवाली का बड़ा तोहफा दिया है। सरकार की ओर जारी अधिसूचना के अनुसार 75 वर्ष और इससे अधिक आयु के पेंशनरों को संशोधित वेतनमान के एरियर का एकमुश्त भुगतान का भी निर्देश दिया है। इस महीने पेंशन के साथ एरियर भी मिलेगा। सुनील शर्मा ने कहा कि यही नहीं प्रदेश कांग्रेस सरकार ने दिवाली से पूर्व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भी संशोधित वेतनमान के एरियर की 20 हजार रुपये की किस्त जारी करने का आदेश किया है। इससे करीब 30 हजार कर्मचारी लाभान्वित होंगे। कहा कि आए दिन भाजपा नेताओं के बयानों से पता चलता है कि अभी भी सत्ता से दूर होने के सदमे से वे उभर नहीं पाए हैं। प्रदेश की स्थिर सरकार को गिराने के लिए भाजपा के शीर्ष नेताओं ने ऐड़ी चोटी का जोर लगाकर देख लिया, लेकिन खरीद फरोख्त का जवाब जनता ने जबरदस्त तरीके से दिया है।