जिला परिषद में अभी तक कांग्रेस ने उतारे पांच उम्मीदवार
संवाद न्यूज एजेंसी
स्वारघाट (बिलासपुर)। पंचायती राज चुनावों को लेकर कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में श्री नयना देवी जी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने जिला परिषद के तीन और वार्डों के लिए कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरजीत सिंह बंगा ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वाहण वार्ड नंबर-13 से महेंद्र सिंह बंसल, कोटखास वार्ड नंबर-14 से सरदार स्वर्ण सिंह और नम्होल वार्ड नंबर-11 से मीना ठाकुर को कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार बनाया गया है। उन्होंने कहा कि शेष वार्डों के लिए भी कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की घोषणा शीघ्र की जाएगी। इससे पहले कांग्रेस की ओर से वार्ड नंबर-6 रोहल से रणवीर सिंह और वार्ड नंबर-8 जांगला से सुरेश नेगी को कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार घोषित किया जा चुका है। कांग्रेस की ओर से अभी तक पांच वार्डों पर समर्थित उम्मीदवारों की घोषणा की जा चुकी है। पंचायती राज चुनावों को लेकर कांग्रेस संगठन लगातार बैठकों और रणनीति के माध्यम से चुनावी गतिविधियों को धार देने में जुटा हुआ है।