घुमारवीं (बिलासपुर)। 15 से 17 दिसंबर तक चलने वाला राज्य स्तरीय कला उत्सव गूगल मीट पर ऑनलाइन शिमला से अवलोकित किया जाएगा। इसमें बिलासपुर के 12 प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतिभागियों को डाइट की ओर से विशेष मार्गदर्शन भी विशेषज्ञों द्वारा गूगल मीट से दिया गया। कार्यक्रम ऑनलाइन होगा। सभी बच्चे अपने मार्गदर्शक अध्यापकों की देखरेख में अपने विद्यालय से ही प्रस्तुति देंगे। डाइट प्रधानाचार्य राकेश पाठक ने बताया कि सभी प्रतिभागी नेटवर्क को ध्यान में रखकर स्थान का चयन करें। अगर घर में भी यह सुविधा होगी तो बच्चे वहीं से प्रस्तुति दे सकते हैं। इसके लिए उनके अध्यापक की निगरानी रहेगी। साथ ही हर प्रस्तुति रिकॉर्ड कर बीआरसीसी के माध्यम से भविष्य संग्रह के लिए जिला कला समन्वयक को सौंपना सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की समयसारणी प्रतिभागी बच्चों एवं उनके अध्यापकों के साथ साझा की जा चुकी है। कला उत्सव को लेकर बच्चों में भारी उत्साह है। जिला कला उत्सव समन्वयक संतोष धीमान ने बताया कि दृश्य कला प्रतियोगिता 15-16 दिसंबर को दो दिन चलेगी। इसमें बच्चे अपने अध्यापकों और खंड स्रोत समन्वयक की देखरेख में भाग लेंगे। प्रधानाचार्य डाइट राकेश पाठक ने भी बच्चों को बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दी हैं।