जोल-डुमेहर- लेहड़ी संपर्क सड़क पर फेंकी रेत-बजरी को हटाते यात्री। संवाद
सड़क पर फेंकी रेत-बजरी होने से यात्रियों को हुई परेशानी
-यात्रियों ने स्वयं फावड़े लेकर सड़क से हटाई रेत-बजरी, फिर निकली बस
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। उपतहसील भराड़ी के तहत जोल-डुमैहर-लेहड़ी संपर्क सड़क पर सोमवार शाम को बस में सफर कर रहे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क पर डंगे लगाने और नालियां बनाने का काम आवंटित हुआ है, जिस कारण सड़क पर रेत और बजरी फेंकी गई है।
बस में सफर कर रहे यात्रियों राकेश, अनिल, सोहनलाल, राजेश और अजय ने बताया कि सड़क के बीचोबीच भारी मात्रा में रेत और बजरी फेंकी गई थी। इसके चलते बस का वहां से निकल पाना मुश्किल हो गया। यात्रियों ने कड़ी मशक्कत के बाद सड़क से रेत और बजरी हटाई। करीब एक घंटे बाद बस अपने गंतव्य के लिए रवाना हो पाई।
यात्रियों ने बताया कि सड़क से रोजाना छोटे-बड़े कई वाहन गुजरते हैं। ऐसे में बीच सड़क पर रेत और बजरी का ढेर लगा देना समझ से परे है। यात्रियों के अनुसार जब यहां से बस नहीं निकल पा रही थी तो स्थानीय लोगों के घरों से फावड़े लाकर रेत और बजरी हटाई गई। लोगों ने कहा कि अगर डंगे और नालियों का निर्माण कार्य होना है, तो रेत और बजरी को सड़क किनारे फेंका जा सकता है, ताकि यातायात बाधित न हो।