झंडूता विधानसभा क्षेत्र की धणी पंचायत में भैरों मंदिर परिसर में नया सामुदायिक भवन बनकर तैयार हुआ। विधायक जीतराम कटवाल ने इसका उद्घाटन किया और इसे गांव की एकता का प्रतीक बताया। इससे सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
धणी पंचायत में सामाजिक-धार्मिक आयोजनों को मिलेगा नया केंद्र
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता(बिलासपुर)। झंडूता विधानसभा क्षेत्र की धणी पंचायत स्थित भैरों मंदिर में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों के लिए सामुदायिक भवन का निर्माण पूरा हो गया है। विधायक निधि के तहत 6.50 लाख रुपये की लागत से बने इस भवन का उद्घाटन शुक्रवार को झंडूता के विधायक जीतराम कटवाल ने किया।
उन्होंने कहा कि यह भवन केवल एक ढांचा नहीं, बल्कि समाज की एकता और सामूहिक संकल्प का प्रतीक है, जो आने वाले समय में पंचायत स्तर पर सामाजिक, सांस्कृतिक और विकासात्मक गतिविधियों का केंद्र बनेगा। कहा कि पिछले कुछ वर्ष में झंडूता क्षेत्र ने विकास की नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। बागछाल और नंद-नगरांव पुलों के निर्माण से सड़कों का नेटवर्क मजबूत हुआ है और कोटधार जैसे पिछड़े क्षेत्रों में भी सड़कें पहुंची हैं। कुटबौंगड़ जैसी बड़ी पेयजल योजनाओं से दीर्घकालिक जलापूर्ति सुनिश्चित हुई है। उन्होंने बताया कि विद्युत व्यवस्था में भी बड़ा सुधार हुआ है और अब गांव बिना रुकावट रोशनी से जगमगा रहे हैं। कहा कि यह परिवर्तन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित और आत्मनिर्भर भारत की सोच से संभव हुआ है। आत्मनिर्भर भारत केवल नारा नहीं, बल्कि जीवनशैली है। गांवों और पंचायतों को सशक्त बनाकर ही देश को वैश्विक स्तर पर मजबूत किया जा सकता है। कटवाल ने ग्रामीणों से भी इस दिशा में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकांश का निपटारा मौके पर ही किया, शेष मामलों को हल करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष कमल चौहान, सचिव हरबंस लाल भभौरिया, प्रवक्ता हरिदास चौहान, पंचायत प्रधान कांशीराम, राकेश चंदेल, मीना, प्यार चंद शर्मा और मुकेश सहित कई लोग मौजूद रहे।