बिलासपुर। आजादी का अमृत महोत्सव की श्रृंखला में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। अभियान को लेकर एसडीएम बिलासपुर रामेश्वर दास ने अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। अभियान की सफलता के लिए उपमंडल स्तर पर कमेटियों का गठन करने का फैसला किया गया। अभियान के तहत 13 से 15 अगस्त तक उपमंडल के सभी घरों और सरकारी भवनों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।
एसडीएम ने विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे अपने कार्यालय स्तर पर हर घर तिरंगा व अमृत महोत्सव मनाने के लिए कमेटियों का गठन करना सुनिश्चित करें। कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के वितरण की भी उचित व्यवस्था की जा रही है। उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से भी कम कीमत पर तिरंगे का वितरण किया जाएगा।