डीएवी स्कूल बरमाणा में आयोजित राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित
डीएवी स्कूल बरमाणा में राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता हुई संपन्न
प्रतियोगिता में आठ क्लस्टरों के 128 खिलाड़ियों ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। डीएवी सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल बरमाणा में राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस खेलकूद प्रतियोगिता में कुल आठ क्लस्टरों के 128 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिसमें अंडर -14, अंडर -17 और अंडर -19 में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना का प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में रोलर स्केटिंग और वुशु प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। वुशु के अंडर-14 बालिका एवं बालक वर्ग में क्लस्टर 2 विजेता और क्लस्टर-3 उपविजेता रहा। वहीं अंडर-17 वर्ग में पासा पलटते हुए क्लस्टर 5 ने खिताबी जीत दर्ज की और क्लस्टर 7 उपविजेता के स्थान पर रहा। अंडर-17 बालक एवं बालिका दोनों श्रेणियों में भी क्लस्टर-2 का दबदबा बरकरार रहा और उसने विजेता की ट्रॉफी पर कब्जा किया, जबकि क्लस्टर 3 उपविजेता रहा। अंडर-19 वर्ग के रोमांचक मुकाबले में क्लस्टर 7 ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि क्लस्टर 2 और क्लस्टर 4 ने संयुक्त रूप से उपविजेता का खिताब अपने नाम किया। स्केटिंग के अंडर-14 वर्ग में क्लस्टर 7 ने समस्त विजेता का खिताब हासिल किया, जबकि क्लस्टर 5 उपविजेता रहा।
मार्शल आर्ट्स वुशु में भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला। अंडर-19 वर्ग में मुकाबला बेहद दिलचस्प रहा, जहां बालक वर्ग में क्लस्टर-3 ने जीत हासिल की। अंडर-19 बालिका वर्ग में क्लस्टर-2 ने चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। पुरस्कार वितरण समारोह में अदाणी सीमेंट के उत्तर क्षेत्र के एचआर हेड सजीव शंकर वरियर ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की और विजेता टीमों को सम्मानित किया। इस अवसर पर स्थानीय स्कूल के प्रधानाचार्य विश्वास शर्मा, डीएवी घुमारवीं के प्रधानाचार्य विनोद शर्मा, डीएवी ग्रियोह के प्रधानाचार्य संजीव ठाकुर, डीएवी लझयानी के प्रधानाचार्य सुनील ठाकुर, डीएवी कुल्लू के प्रधानाचार्य आरएस राणा आदि उपस्थित रहे।