अभियान भाग छह: उद्योग बढ़े, रोजगार घटे
क्षेत्र में स्टील और फार्मा इकाइयां संचालित स्थानीय युवाओं को कितने रोजगार, इसका आंकड़ा नहीं
जिला रोजगार कार्यालय में 31,797 युवा पंजीकृत
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले के पुराने औद्योगिक क्षेत्रों में शामिल ग्वालथाई में वर्षों से उद्योग संचालित हो रहे हैं, लेकिन इनसे स्थानीय युवाओं को कितना रोजगार मिल रहा है, इसका स्पष्ट आंकड़ा अभी सामने नहीं है। दूसरी ओर जिले में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं की संख्या लगातार बड़ी है। जिला रोजगार कार्यालय में 31,797 युवा पंजीकृत हैं। ऐसे में अब विभाग ग्वालथाई औद्योगिक क्षेत्र में संचालित उद्योगों, उनकी गतिविधियों और उनमें कार्यरत मैनपावर का डेटा जुटाने में लगा है। ग्वालथाई औद्योगिक क्षेत्र में करीब 130 औद्योगिक प्लाट हैं। उपलब्ध नई रिपोर्ट के अनुसार इनमें 118 प्लाट आवंटित हो चुके हैं। क्षेत्र में स्टील की दो बड़ी इकाइयों के अलावा फार्मा और अन्य छोटी औद्योगिक इकाइयां भी संचालित हैं। औद्योगिक गतिविधियों का आधार पहले से मौजूद होने के बावजूद जिले के युवाओं को रोजगार के लिए बद्दी-नालागढ़ समेत दूसरे जिलों और राज्यों का रुख करना पड़ रहा है।
जिले में पिछले दो वर्षों के दौरान निजी और सरकारी क्षेत्र में 785 युवाओं को रोजगार मिला है। पंजीकृत युवाओं की संख्या के मुकाबले यह आंकड़ा कम है। ऐसे में ग्वालथाई की मौजूदा औद्योगिक क्षमता को स्थानीय रोजगार से जोड़ना अहम हो जाता है। यदि यहां संचालित उद्योगों में उत्पादन और गतिविधियां बढ़ती हैं तो मैनपावर की जरूरत भी बढ़ सकती है। इससे स्थानीय युवाओं के लिए घर के आसपास रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं।
ग्वालथाई की सबसे बड़ी ताकत यह है कि यहां पहले से औद्योगिक आधार मौजूद है। मौजूदा इकाइयों के विस्तार के साथ नए उद्योग स्थापित होने पर रोजगार की संभावनाएं बढ़ सकती हैं। इसके लिए उद्योगों की वास्तविक मैनपावर जरूरत और उपलब्ध रोजगार की स्थिति का डाटा सामने आना जरूरी है।
कोट
हाल ही में कार्यभार संभाला है। औद्योगिक क्षेत्र की जानकारी का अध्ययन किया जा रहा है। उद्योगों और उनमें कार्यरत मैनपावर से जुड़ा डेटा तैयार किया जाएगा। स्टाफ की कमी के कारण डेटा तैयार करने में समय लग रहा है। उद्योगों को विकसित करने के लिए भी विभाग काम करेगा, ताकि जिले के युवाओं को ज्यादा से ज्यादा रोजगार मुहैया कराया जा सके।
-गुर प्यारा राम,उद्योग सचिव, ग्वालथाई