नगर परिषद घुमारवीं में नाले और नालियों में गंदगी जमा
नियमित सफाई न होने से बढ़ रहा बीमारियों का खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। नगर परिषद घुमारवीं की ओर से स्वच्छता को लेकर किए जा रहे दावे हकीकत में खोखले साबित हो रहे हैं। शहर के नाले और नालियां इस बात का सबूत है कि सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। नियमित सफाई न होने के कारण नालों में महीनों से गंदगी जमी हुई है, जो न केवल दुर्गंध फैला रही है, बल्कि आमजन के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा बनती जा रही है।
विडंबना यह है कि नगर परिषद की पिछली बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया था कि सभी सफाई कर्मचारी सप्ताह में एक दिन अलग-अलग वार्डों में जाकर नालों और नालियों की सफाई करेंगे, लेकिन यह फैसला भी अन्य कागजी निर्णयों की तरह फाइलों में ही दबकर रह गया। जमीनी स्तर पर स्थिति बद से बदतर होती जा रही है और नगर परिषद की निष्क्रियता साफ नजर आ रही है। शहर के अधिकांश नाले लंबे समय से साफ नहीं हुए हैं, जिसके चलते कई स्थानों पर वे पूरी तरह बंद हो चुके हैं। नगर परिषद क्षेत्र के सबसे व्यस्त इलाके गांधी चौक और बजोहा के साथ बहने वाला नाला आज गंदगी का ढेर बन चुका है। खासकर कोऑपरेटिव बैंक के पास स्थिति अत्यंत चिंताजनक है, जहां लोग दिन-रात नाले में कचरा फेंक रहे हैं। सफाई न होने के कारण कचरा सड़ चुका है और वहां से उठने वाली बदबू ने आसपास रहने वाले लोगों का जीना दूभर कर दिया है। शहर की लगभग आधी आबादी के घरों से निकलने वाला दूषित पानी भी इन्हीं नालों में जमा हो रहा है, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले कई महीनों से नगर परिषद ने नालों की कोई ठोस सफाई नहीं करवाई। बार-बार शिकायतें करने के बावजूद केवल आश्वासन ही दिए जा रहे हैं, जबकि हालात जस के तस बने हुए हैं।
एक ओर सरकार और प्रशासन स्वच्छता अभियान के नाम पर लोगों से सहयोग की अपील कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर नगर परिषद स्वयं अपनी जिम्मेदारियों से मुंह मोड़ती नजर आ रही है। खुले में बहती गंदगी सीधे सीर खड्ड में मिल रही है, जो और भी गंभीर चिंता का विषय है। सीर खड्ड से जुड़ी कई पेयजल योजनाओं से रोजाना हजारों लोगों को पानी की आपूर्ति की जाती है। यदि समय रहते सफाई और नियंत्रण के पुख्ता कदम नहीं उठाए गए, तो शहर ही नहीं बल्कि आसपास के कई गांवों के लोग भी गंभीर बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं।
कोट
मामला ध्यान में आया है, जल्द ही सफाई कर्मचारी भेज कर नाले की सफाई करवाई जाएगी। लोगों से भी आग्रह है कि किसी भी प्रकार का कूड़ा कचरा नालों में न फेंके। शहर को साफ सुथरा रखने में नगर परिषद का सहयोग करें।
रीता सहगल, अध्यक्ष, नगर परिषद घुमारवीं