घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं में तीन मंजिला पार्किंग का कार्य शुरू हो गया है। पार्किंग की सुविधा नहीं होने से वाहनों को सड़क किनारे खड़ा करना पड़ता है।
नगर परिषद ने कुछ समय पूर्व बैठक कर निर्णय लिया था कि शहर में तीन मंजिला पार्किंग बनाई जाएगी। सभी पार्षदों ने सहमति जताकर प्रस्ताव पारित कर दिया था। इसके बाद पार्किंग के लिए स्थल चिह्नित किया गया। पार्किंग नगर परिषद कार्यालय से थोड़ी दूर और एसडीएम कार्यालय के साथ रैन बसेरा के पास बनाई जाएगी। लोक निर्माण विभाग के माध्यम से पार्किंग बनवाई जा रही है। लोक निर्माण विभाग की टेंडर प्रक्रिया के बाद अब ठेकेदार ने निर्माण कार्य शुुरू कर दिया है।
गौर रहे कि शहर में वाहनों को पार्क करने में परेशानी पेश आ रही है। लोग सड़क किनारे वाहन खड़े करने को मजबूर हैं। पार्किंग बनने से हालात में अब सुधार होनी उम्मीद है। इस पार्किंग में लगभग सौ गाड़ियों को एक साथ पार्क किया जा सकेगा। शहर में इस समय तीन निजी पार्किंग हैं, लेकिन इनमें भी लोगों को पार्किंग की सुविधा पूर्णतया उपलब्ध नहीं हो रही है।
रैन बसेरा के पास बन रही पार्किंग का एसडीएम कार्यालय में आने जाने वाले लोगों को भी लाभ मिलेगा। नगर परिषद की यह पहली पार्किंग होगी। नगर परिषद की अपनी पहली तीन मंजिला पार्किंग होगी। नगर परिषद की अध्यक्ष राकेश चोपड़ा ने कहा कि शहर में बढ़ती वाहनों की तादाद को देखते हुए नगर परिषद ने रैन बसेरा के पास तीन मंजिला पार्किंग बनाने का निर्णय लिया है। सभी औपचारिकताएं पूरी करने के साथ ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। तय समयावधि में बनाकर लोगों को पार्किंग की सुविधा उपलब्ध करवा दी जाएगी।