बिलासपुर। आईजीएमसी में संदेहास्पद परिस्थितियों में हुई अधिवक्ता राजेंद्र हांडा की मौत मामले की न्यायिक जांच के लिए बुधवार से जिला बार काउंसिल ऑफ हिमाचल अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेगी। अधिवक्ता संघ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से अस्पताल प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ न्यायिक जांच की मांग को लेकर मिल चुके हैं। इसके बावजूद भी अभी तक सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की।
घुमारवीं बार एसोसिएशन ने प्रस्ताव पारित कर मुख्यमंत्री से न्यायिक जांच की मांग को उठाया था। आईजीएमसी कोविड सेंटर से राजेंद्र कुमार हांडा का मोबाइल भी चोरी हो गया था। इस संबंध में संजौली थाने में एफआईआर दर्ज करवाई गई थी। अधिवक्ता तेजस्वी शर्मा ने बताया कि वरिष्ठ अधिवक्ता की कोविड सेंटर आईजीएमसी में अस्पताल प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ न्यायिक जांच की मांग को लेकर बिलासपुर के अधिवक्ता बुधवार से शांतिपूर्वक तरीके से सुबह 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक प्रदर्शन करेंगे। इस प्रदर्शन का कामकाज पर कोई असर नहीं होगा और न्यायालय का कार्य सुचारु ढंग से जारी रहेगा।