जुखाला (बिलासपुर)। मुख्यमंत्री ग्राम पथ योजना के तहत स्वीकृत मंझोत-स्याहोला सड़क का करीब डेढ़ वर्ष से काम बंद है। इस कारण यहां के निवासियों को पक्की सड़क की सुविधा से महरूम रहना पड़ रहा है। इस सड़क का टेंडर जून 2018 में 34.50 लाख रुपये में हुआ था। इसका निर्माण कार्य पिछले करीब डेढ़ वर्ष से बंद पड़ा है।
स्थानीय निवासी इस बारे में पूर्व विधायक रणधीर शर्मा से मिलकर सड़क का कार्य शुरू करवाने की गुहार लगा चुके हैं। लोक निर्माण विभाग से भी कई बार काम शुरू करवाने का आग्रह कर चुके हैं। लेकिन, अभी तक सड़क का कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इस कारण लोगों में सरकार और विभाग के प्रति रोष है।
स्याहोला पंचायत के पूर्व उपप्रधान गोपाल शर्मा, बाबूराम शर्मा, डॉ. पीसी, सुरेंद्र शर्मा, नरोत्तम शर्मा, श्याम लाल आदि ने विभाग से सड़क का कार्य शुरू करवाने की मांग की है।
अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग मंडल नंबर-दो गुरविंदर सिंह राणा ने बताया कि ठेकेदार को काम शुरू करने के बारे में सात नोटिस जारी किए जा चुके हैं। अब ठेकेदार को एक सप्ताह में काम शुरू करने के आदेश दिए गए हैं। अगर इस समय अवधि में काम शुरू नहीं किया तो टेंडर रद्द कर दिया जाएगा। उससे 3.45 लाख रुपये की पेनल्टी वसूली जाएगी।