लड़कियों से लेकर पुलिस कर्मी तक पाए जा चुके नशे में लिप्त
चिट्टे के कारोबारी और नशेड़ी युवक आपराधिक घटनाओं को भी दे रहे अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी(बिलासपुर)। जिले के गांव-गांव तक चिट्टा का नशा अपनी जड़े जमा चुका है। इसी से चिटटे के लती लोगों की मौत का आंकड़ा भी बढ़ता जा रहा है। पिछले तीन दिन में हुई तीन मौतों ने इस बात को और भी पुख्ता कर दिया है। चिट्टे के इस जाल में लड़कियों से लेकर पुलिस के जवान तक लिप्त पाए जा चुके हैं। वहीं, चिट्टे के कारोबारी और इसके आदी युवक आपराधिक घटनाओं को भी अंजाम देने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं।
शुक्रवार रात को घुमारवीं क्षेत्र में चिट्टे के आदी दो युवकों की मौत हो गई। इन दोनों से पुलिस ने चिट्टा भी बरामद किया था। दोनों पर चार-चार मामले भी दर्ज थे। वीरवार रात को स्वारघाट थाना के तहत स्वाहण पंचायत के मैहला गांव में एक युवक का शव मिला। युवक की बाजू पर सिरिंज लगाने का ताजा निशान पाया गया था। वह नशा मुक्ति केंद्र में भी रह चुका था। हाल ही में घुमारवीं थाना से महज 100 मीटर दूरी पर स्थित एक निजी गेस्ट हाउस में पंजाब के युवक का शव मिला था। शव के पास से सिरिंज और फॉयल पेपर मिले थे। बाजुओं पर सिरिंज के निशान भी थे। पिछले साल बिलासपुर शहर में एक मॉल के शौचालय में भी युवक मृत अवस्था में मिला था, जिसकी मौत चिट्टे के ओवरडोज से हुई थी। शहर की एक रिहायशी काॅलोनी में भी एक युवक की चिट्टे के सेवन से मौत हाे चुकी है। परनाल क्षेत्र के एक गांव में भी युवक का शव मिला था। पुलिस ने इस मामले में आशंका जाहिर की थी कि युवक की मौत नशे की ओवरडोज के कारण हुई है। इसी साल जनवरी में सदर क्षेत्र में पुलिस का एक जवान चिट्टे के साथ पकड़ा गया था। इसके अलावा कई मामलों में लड़कियां भी चिट्टे के साथ पकड़ी गई हैं। चिट्टा अब गांव-गांव तक पहुंच चुका है। आए दिन आरोपी चिट्टे के साथ पकड़े जा रहे हैं। दिन प्रतिदिन बढ़ रहे नशे के कारण जहां मौतों का आंकड़ा बढ़ रहा है, वहीं अन्य गैरकानूनी वारदातें भी बढ़ रही हैं। चिट्टे के आरोपी अब किसी भी वारदात अंजाम देने से नहीं डर रहे हैं। हाल ही में भराड़ी थाना के तहत एक कस्बे में चिट्टा तस्कर से विदेशी मूल की पिस्टल भी बरामद हो चुकी है, जिससे साफ जाहिर है कि चिट्टा तस्करों के संबंध अब बड़े गैंग से जुड़ चुके हैं। इसके अलावा चिट्टे के आदी युवक चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पिछले कुछ समय से चोरी की वारदातों में भी बढ़ोतरी हुई है। नशेड़ी युवा बंद घरों को निशाना बना कर सामान चुरा रहे हैं। हाल ही में पुलिस को ऐसे मामलों की कई शिकायतें मिली हैं।