घुमारवीं (बिलासपुर)। विधानसभा क्षेत्र घुमारवीं के अंतर्गत पुलिस थाना भराड़ी की टीम ने गश्त के दौरान घंडालवीं के एक युवक को 1.37 ग्राम चिट्टे के साथ हिरासत में लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भराड़ी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, पुलिस की ओर से आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भराड़ी पुलिस बुधवार देर रात को घंडालवीं की तरफ गश्त पर थी। पुलिस धारा 144 की अनुपालना को बनाए रखने के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान उन्होंने एक व्यक्ति को मोटरसाइकिल पर जाते हुए देखा। पुलिस को देखते ही युवक मौके से भागने लगा लेकिन, पुलिस ने उसे दबोच लिया। जब युवक की तलाशी ली गई तो उसके पास 1.37 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने युवक को चिट्टे के साथ हिरासत में ले लिया है।
डीएसपी राजेंद्र जसवाल ने बताया कि युवक की पहचान घंडालवीं के अशोक कुमार के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ घुमारवीं थाना में एनडीपीएस का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।