शाहतलाई (बिलासपुर)। गर्मी का मौसम शुरू होते ही जल शक्ति विभाग सचेत हो गया है। सभी जल भंडारण टैंकों की सफाई के लिए विभाग ने अभियान शुरू कर दिया है। एक तरफ जहां कोरोना जैसी महामारी के खिलाफ लड़ाई को जीतने के लिए सरकार की ओर से घोषित कर्फ्यू के चलते विभाग के कर्मचारियों को अपनी सेवाएं देने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए सभी कर्मचारियों को विभाग ने पहचान पत्र, दस्ताने मॉस्क व सैनिटाइजर देकर अपनी ड्यूटी ईमानदारी से निभाने को कहा है। वहीं, यह भी साफ किया है कि कोरोना वायरस के चलते किसी भी घर में पेयजल समस्या न हो। इतना ही नहीं विभाग ने अपने कर्मचारियों को आदेश दिए हैं कि अपने अपने जल भंडारण टैंकों में नियमित रूप से दवाई डालें ताकि, लोगों को शुद्ध जल मिल सके।
उधर, जल शक्ति विभाग कलोल के सहायक अभियंता रतनदेव ने बताया कि क्षेत्र के सभी जल भंडारण टैंकों को खाली करके पूर्ण रूप से साफ कर दिया गया है। कर्फ्यू के चलते जल शक्ति विभाग के कर्मचारियों को अपनी ड्यूटी के समय आने जाने में परेशानी न हो, इसके लिए सभी कर्मचारियों को विभाग की ओर से पहचान पत्र दे दिए गए हैं। विभाग के कर्मचारी ईमानदारी से कार्य कर रहे हैं तथा क्षेत्र के किसी भी घर से पेयजल समस्या की शिकायत नहीं मिल रही है।