-प्राथमिक पाठशाला भराड़ी में खंड स्तरीय बाल मेला आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। प्राथमिक पाठशालाओं के खंड स्तरीय बाल मेले का आयोजन राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला भराड़ी में किया गया। बाल मेले में शिक्षा खंड घुमारवीं-1 की 23 प्राथमिक पाठशालाओं के बच्चों ने भाग लिया।
मेले में घुमारवीं-1 की खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी सुनीता देवी मुख्यातिथि रहीं। इस मौके पर जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष रमेश शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। मेले में बच्चों ने म्यूजिकल चेयर, प्रश्नोत्तरी, कविता, एकल गान, फैंसी ड्रेस कंपटीशन और नाटक आदि गतिविधियों में भाग लिया। इन गतिविधियों में राजकीय प्राथमिक पाठशाला मिहाड़ा के बच्चों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। खंड स्तरीय बाल मेले में मिहाड़ा स्कूल के बच्चे नाटक में पहले स्थान पर रहे। मिहाड़ा स्कूल के पहले से तीसरी कक्षा तक के बच्चे म्यूजिकल चेयर में भी प्रथम रहे। मिहाड़ा स्कूल के अध्यापक खूब सिंह ठाकुर ने बच्चों को उनकी कड़ी मेहनत के लिए बधाई दी। इस मौके पर स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष पूजा शर्मा ने भी बच्चों को बधाई दी। अध्यापकों एवं बच्चों के कठिन परिश्रम का ही नतीजा रहा कि बच्चों ने खंड स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इन प्रतियोगिताओं में वैष्णवी, अमित शर्मा, सूर्यांश, अभिमन्यु, काव्या शर्मा, परिवेदा शर्मा, मुस्कान शर्मा, लव शर्मा, शानवी शर्मा आदि बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।