- मानव सेवा कल्याण समिति रैली निहाण ने मनाया स्थापना दिवस
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। उपमंडल झंडूता के तहत मानव सेवा कल्याण समिति रैली निहाण ने रविवार को अपना 15वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। कार्यक्रम में निहाण गांव के बच्चों और महिला मंडल ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस अवसर पर बीएस पटियाल ने बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम में बच्चों ने करेले बिकदे आए, नाटी रा चस्का बड़ा बुरा, सरारारा घूमे रे मेरा घाघरा, खाया माखन सारा, मटकी भी फोड़ी, पेरां दे घुंघरू वाले मेनू गड्डे ते घुमा दे, पानी री टंकी और मुझे प्यार हुआ गानों पर प्रस्तुति दी। इसके अलावा महिला मंडल ने पंजाबी, हिंदी, पहाड़ी नाटी और पहाड़ी गिद्दा प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि बीएस पटियाल ने कहा कि भगवान की कृपा से हम जो कुछ कमाते हैं उसका दसवां हिस्सा हमें सेवा कार्यों में लगाना चाहिए, ताकि क्षेत्र में असहाय लोगों की सेवा की जा सके। उन्होंने संस्कारों पर बल देते हुए कहा कि बच्चों को संस्कारों से ओतप्रोत रखना चाहिए। कहा कि सभी में समर्पण की भावना होनी चाहिए। समिति के अध्यक्ष सुंदर राम शर्मा ने बताया कि समिति द्वारा सेवा परमो धर्म नर सेवा नारायण सेवा के उद्घोष को अपनाते हुए उन्होंने लोगों की सहायता कर रही है। समिति 2009 से कार्य कर रही है। 15 साल में करीब 30 लाख रुपये की राशि क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों में सहायतार्थ दी जा चुकी है। कार्यक्रम में बच्चों को लेखन सामग्री भी वितरित की गई। इस मौके पर प्रो. लेखराम शर्मा, कैप्टन विजय पाल शर्मा, काली दास, बालकिशन शर्मा, इस्माइल खान और जय सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।