- निगरानी टीमों को सतर्कता और सजगता से कार्य करने के दिए निर्देश
- मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी के लिए अधिक प्रयास करने को भी कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। प्रदेश के मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने जिले में लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी के लिए कारगर योजना बनाने और उसे सटीकता से क्रियान्वित करने पर जोर दिया। मुख्य सचिव ने शुक्रवार को बचत भवन में चुनावी तैयारियों की समीक्षा की।
मुख्य सचिव जिले में मतदान प्रक्रिया में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रशिक्षण, निष्पक्ष एवं मतदान में पारदर्शिता लाने के लिए पुलिस और जिला निर्वाचन अधिकारी के स्तर पर किए जा रहे कार्यों की भी विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मत प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से किए जा रहे प्रयासों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मत प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिले में और अधिक प्रयास किया जाएं, ताकि शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके। उन्होंने स्वीप कार्यक्रमों के साथ जन जागरूकता में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों के उपयोग के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने सीमावर्ती जिला होने के चलते यहां निगरानी टीमों को अधिक सतर्कता और सजगता से कार्यरत रहने के निर्देश दिए। हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखने, नाके लगाने के साथ औचक निरीक्षण और चेकिंग अभियान को सही तालमेल से चलाने को कहा। इस मौके पर उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक, पुलिस अधीक्षक विवेक चहल, अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. निधि पटेल, एसडीएम सदर अभिषेक गर्ग आदि अधिकारी मौजूद रहे।