- भराड़ी के जोल गांव में हुई वारदात, पुलिस ने शुरू की मामले की छानबीन
- मकान मालिक अपना इलाज कराने बेटे के पास गए थे सोलन
- सीसीटीवी की डीवीआर में कैद हुआ नकाबपोश चोर
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। भराड़ी थाना क्षेत्र के जोल गांव में अज्ञात चोरों ने सूने घर के ताले तोड़कर नकदी व सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर लिया। चोरों ने वारदात के दौरान घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ दिया। हालांकि कैमरों में कैमरा तोड़ने से पहले की घटना कैद हुई है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
जोल गांव के विद्यासागर ने बताया कि वह घर में अकेले रहते हैं, जबकि पत्नी का देहांत हो चुका है। बच्चे सोलन में नौकरी करते हैं। विद्यासागर के अनुसार पिछले कुछ समय से बीमार हैं। 17 अप्रैल को वह अपना इलाज करवाने के लिए अपने बच्चों के पास सोलन चले गए। जहां पर वह अस्पताल में अपना इलाज करवा रहे थे। उन्होंने अपने घर जोल में सीसीटीवी कैमरे लगवा रखे हैं। सीसीटीवी कैमरों की अपने मोबाइल फोन से जोड़ रखा है। जहां भी जाते हैं मोबाइल से घर की गतिविधियों को देखते रहते हैं। विद्यासागर ने बताया कि जब वह इलाज के लिए सोलन थे तो 30 व 31 मई को मोबाइल पर घर की कोई फुटेज नहीं दिख रही थी। इस दौरान उन्हें शक हुआ। उन्होंने अपने पड़ोसियों को फोन कर पूछा किया घर की तरफ लाइट है या नहीं। पड़ोसियों ने कहा कि लाइट है। इस पर विद्यासागर ने अपने भांजे को फोन किया कि घर के कैमरे नहीं चल रहे हैं घर जाकर देख लेना कि क्या कारण है। उनका भांजा जब उनके घर पहुंचा तो देखा कि घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। इसकी जानकारी उसने अपने मामा और पुलिस को दी। घर में चोरी होने की घटना का पता चलते ही विद्यासागर भी सोलन से अपने घर जोल पहुंच गए। पुलिस की मौजूदगी में अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। दस हजार रुपये के करीब नकदी कुछ सोने व चांदी के आभूषण चोरी हुए हैं। घर के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर सुरक्षित थी। डीवीआर की जांच करके सामने आया कि एक नकाबपोश व्यक्ति चार दीवारी फांदकर अंदर आया, जिसने पहले स्ट्रीट लाइट की तार को तोड़ा उसके बाद कैमरे को तोड़ा। इसके बाद कैमरे की रिकॉर्डिंग बंद हो गई। भराड़ी थाना प्रभारी देवानंद ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि चोरी की घटना के संदर्भ में जांच की जा रही है। सीसीटीवी की डीवीआर में नकाबपोश दिखा है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।