मार्च में नालागढ़ के मूसेवाल स्थित पेट्रोप पंप पर हुई थी 44 हजार रुपये की लूट
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ के मूसेवाल स्थित एक पेट्रोल पंप पर बीते मार्च में पिस्टल दिखा कर पेट्रोल कर्मी से नकदी लूटने के मामले में कार चालक के खिलाफ पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज कर लिया है। मामला 12 मार्च का है। सुबह 4:17 बजे पर मूसेवाल स्थित जसपाल पेट्रोल पंप पर एक बिना नंबर की स्वीफ्ट कार आई। जिसमें एक चालक सवार था। जैसे ही उसने पेट्रोल पंप पर गाड़ी रोकी तो पंप पर तैनात कर्मचारी तेल डालने के लिए गाड़ी के पास गया। उस समय वह पंप पर अकेला था। दूसरा कर्मचारी सोया हुआ था। इसी बीच कार में सवार चालक ने उसे देसी कट्टा दिखाया और इसके सामने ही उसमें कारतूस डालने लगा। चालक ने टोपी लगाई हुई थी। वह कार से नीचे नहीं उतरा और उसने कर्मचारी को धमकाया कि उसके पास जो भी पैसा है वह उसके सुपुर्द कर दें, अन्यथा वह गोली चला देगा। कर्मचारी के सामने उसने गोली देसी कट्टे में डाली। कर्मचारी डर गया और उसने जेब के सारे पैसे करीब 44 हजार उसे सौंप दिए।
लुटेरा पैसा लेकर फरार हो गया। कार में नंबर प्लेट न होने से उसका कोई पता नहीं चल पाया। कर्मचारी ने पंप के संचालक को बताया, लेकिन तब तक आरोपी कार लेकर भाग गया था। इसी दिन बद्दी के मानकपुर में भी उसी आरोपी ने पंप पर लूट की थी। पंप के संचालक सतबीर ने नालागढ़ थाने में लिखित में शिकायत दी और सीसीटीवी की फुटेज भी दिखाई लेकिन उसका मामला दर्ज नहीं किया गया। 27 जून को पंप के संचालक सतबीर सिंह ने नालागढ़ कोर्ट में याचिका दायर की। जिसकी सुनवाई 6 अगस्त को हुई जिसमें कोर्ट ने पुलिस को मामला दर्ज करने को कहा गया। नालागढ़ पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर धारा 309 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एएसपी ने इसकी पुष्टि की है।