ग्राम पंचायत मल्यावर और इसके आसपास की पंचायतों के लोगों को अब पानी की दिक्कत से नहीं जूझना पड़ेगा। मल्यावर-भटोली उठाऊ पेयजल योजना के संवर्धन और पाइप लाइन के विस्तारीकरण पर 1.16 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
मल्यावर में नव निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के अभिनंदन समारोह में स्थानीय विधायक बंबर ठाकुर ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि इस योजना की टेंडर प्रक्रिया प्रगति पर है और जल्द ही इसका कार्य शुरू हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि टीहरा टनल से प्रभावित मल्यावर और अन्य पंचायतों के लोगों को पेयजल की कमी नहीं आने दी जाएगी। टनल से निकलने वाले पानी को चैकडैम और स्टोरेज टैंक बनाकर इस्तेमाल योग्य बनाया जाएगा।
इस पर 20 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए सोली खड्ड और मणी खड्ड में चेकडैम बनाने के लिए 1.86 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों के दौरान पूरे क्षेत्र में सड़कों, पेयजल, सिंचाई, बिजली, ग्रामीण विकास और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है।
कंदरौर और भटोली ट्रांसफार्मरों की क्षमता सौ केवी से बढ़ाकर 250 की जाएगी। तीन वर्षों के दौरान सदर चुनाव क्षेत्र की हरिजन बस्तियों में 329 नल लगाए गए है।
जबकि एक साल में 80 हैंडपंप भी स्थापित किए गए। विधायक ने महिला मंडल भवन मल्यावर के निर्माण के लिए तीन लाख रुपये देने की घोषणा की।
उन्होंने मल्यावर गांव में ओवर हैड टैंक की मरम्मत के लिए 2 लाख दिए। जबकि दो हैंडपंप लगाने और सामुदायिक भवन सुजैला के निर्माण का भी आश्वासन दिया।
उन्होंने युवक मंडल सुजैला और महिला मंडल मल्यावर के लिए बच्चों को खेलकूद की किटों की खरीद के लिए 10 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
इस मौके पर मल्यावर पंचायत प्रधान मधुपाल, उपप्रधान प्यार सिंह, ननावां पंचायत प्रधान मेहर चंद, रोहिण पंचायत प्रधान रमेश चंद, उपप्रधान देवराज कौंडल, महिला विकास बोर्ड अध्यक्ष उर्मिला देवी, यूथ कांग्रेस उपाध्यक्ष राजकुमार, युवक मंडल प्रधान चमन चंदेल, पूर्व प्रधान विकास धीमान, महिला मंडल प्रधान सोनिका धीमान, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।
इस कार्यक्रम के उपरांत विधायक बंबर ठाकुर ने बिलासपुर से चलने वाली बोहट-कसोल बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह बस नियमित रूप से दोपहर बाद 2.50 बजे बिलासपुर वाया घागस, बैरी, हरनोड़ा, चम्याण, सिरपा से होते हुए शाम को बोहट कसोल पहुंचेगी। बोहट कसोल से सुबह 7.50 बजे वापस बिलासपुर के लिए चलेगी।