बिलासपुर। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को साल 2022-23 का बजट पेश किया। इसमें गोबिंदसागर झील में डूबे ऐतिहासिक मंदिरों के पुनर्स्थापन के साथ श्री नयनादेवी जी विस क्षेत्र के लाड़ाघाट में आईटीआई और मजारी में अनाज मंडी के लिए बजट की घोषणा की गई। 65 करोड़ रुपये वाली कोलडैम-हाइड्रो इंजीनियंरिंग कॉलेज-एम्स पेयजल योजना के लोकार्पण की भी घोषणा की।
60 के दशक में गोबिंदसागर झील में डूबे आठवीं और नौवीं सदी के ऐतिहासिक मंदिरों के पुनर्स्थापन के लिए प्रदेश सरकार ने 1400 करोड़ रुपये की योजना तैयार कर ली है। एक तरफ जहां जिला प्रशासन ने मंदिरों को शिफ्ट करने के लिए बंदला रोड पर बिजली रेस्ट हाउस के पास आठ बीघा भूमि को भाषा एवं संस्कृति विभाग के नाम कर दिया है वहीं अब प्रदेश सरकार ने बजट में मंदिरों को शिफ्ट करने की घोषणा की है। सीएम ने कहा कि इन ऐतिहासिक मंदिरों के लिए पुनर्स्थापन के लिए सरकार ने 1400 करोड़ की योजना तैयार कर ली है। अब इस प्रस्ताव को अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं को भेजा जाएगा ताकि इसके लिए फंडिंग करवाई जा सके। स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासन मंदिरों के पुनर्स्थापन की बात करते थे, लेकिन अब विधानसभा के बजट में सीएम ने मंदिरों को लेकर घोषणा की है।
इनसेट
श्री नयनादेवी जी को आइटीआई औ अनाज मंडी की सौगात
बजट में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने श्री नयनादेवी जी विस क्षेत्र के लाड़ाघाट में आइटीआई और मजारी में अनाज मंडी खोलने की घोषणा की। प्रदेश में खुलने वाली चार मंडियों में बिलासपुर भी शामिल है। यह अनाज मंडी श्री नयनादेवी जी के मजारी में खुलेगी। वहीं लाड़ाघाट में आईटीआई शुरू होने से क्षेत्र के युवाओं को अब बिलासपुर नहीं जाना पड़ेगा।
इनसेट
भानुपल्ली-बिलासपुर रेललाइन के बजट में राज्य सरकार देगी अंशदान
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि भानुपल्ली-बिलासपुर रेलव लाइन को केंद्र ने जो बजट दिया है, उसमें अब राज्य सरकार अंशदान प्रदान करेगी। इस रेलवे लाइन को केंद्र सरकार की तरफ से 1200 करोड़ का बजट मिला है।
इनसेट
आजीविका सृजन और अन्य विकास गतिविधियों में बिलासपुर शामिल
सीएम ने बजट में घोषणा की कि किन्नौर, कुल्लू, लाहौल-स्पिति, मंडी, शिमला के साथ बिलासपुर के 260 ग्राम पंचायत वार्डों में 50 करोड़ की लागत से आजीविका सृजन और अन्य विकास गतिविधियां की जाएंगी।
इनसेट
कोलबांध-हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज और एम्स पेयजल योजना का होगा लोकार्पण
सीएम ने बजट में 65 करोड़ की पेयजल योजना कोलबांध-हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज और एम्स के लोकार्पण की घोषणा भी की। इस योजना का 95 फीसदी निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।