बिलासपुर में शुक्रवार को भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) की इंटरनेट सेवा पूरी तरह से ठप रही। इसके चलते करोड़ों रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ तथा लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक वीरवार को भारी बारिश के कारण बीएसएनएल इंटरनेट सेवा में दिक्कत पैदा हो गई, जो कि शुक्रवार को भी जारी रही। इंटरनेट की सुविधा नहीं मिलने से बैंकों व सरकारी कार्यालयों में कामकाज प्रभावित रहा।
लोगों को कार्य के लिए पूरा दिन इधर-उधर भटकना पड़ा। मुख्य रूप से बैंकों में इंटरनेट सेवा न होने से लाखों-करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ। हालांकि बीएसएनएल के कर्मचारी इंटरनेट सेवा को दुरुस्त करने में डटे रहे। बताया जा रहा है कि भारी बारिश से बीएसएनएल टावर को नुकसान पहुंचा है, जिस कारण इंटरनेट सेवा बाधित हुई है। लोगों ने बीएसएनएल विभाग से मांग की है कि इंटरनेट सेवा को जल्द बहाल किया जाए।