हरनोड़ा स्थित कोलडैम हाइड्रो पावर स्टेशन से विद्युत उत्पादन का कार्य एनआरएलडीसी की ओर से दिए गए समय पर शुरू कर दिया जाएगा। यह जानकारी वीरवार को कोलडैम हाइड्रो पावर स्टेशन के सहायक प्रबंधक प्रवीण रंजन भारती ने दी। उन्होंने बताया कि जलस्तर कम होने से लोग झील तक पहुंच जाते हैं। इसको ध्यान में रखते हुए कोल डैम के आसपास के गांवों के लोगों और पर्यटकों को सूचित किया जाता है कि विद्युत उत्पादन के दौरान परियोजना से झील में कभी भी पानी छोड़ा जा सकता है। पानी छोड़ने से पहले लोगों को आगाह करने तथा चेतावनी के तौर पर स्पिल-वे तथा मैत्री सेतु पर हूटर भी बजाया जाता है।
उन्होंने सभी लोगों से से आग्रह किया कि वे सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बांध से पानी छोड़ने के समय झील के आसपास न रहें तथा अपने मवेशियों को भी झील के नजदीक न जाने दें। उन्होंने बोट चालकों को भी इस दौरान सावधान रहने का आग्रह किया है।