झंडूता में टिफिन बैठक करते भाजपा नेता और कार्यकर्ता। स्रोत: भाजपा
विधायक बोले, आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। झंडूता विधानसभा क्षेत्र में भाजपा संगठन की मजबूती के लिए शुरू की गई टिफिन बैठकों की श्रृंखला के तहत रविवार को झंडूता मंडल की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष रसम सिंह चंदेल ने की, जबकि विधायक जीतराम कटवाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
बैठक में संगठन की मजबूती पर चर्चा के साथ झंडूता विधानसभा क्षेत्र के सभी 38 ग्राम केंद्रों पर ग्राम केंद्र पालकों की नियुक्ति की गई। बाद में सभी कार्यकर्ताओं ने साथ बैठकर भोजन किया। कटवाल ने कहा कि टिफिन बैठक का उद्देश्य केवल मिल-बांटकर भोजन करना नहीं, बल्कि संगठन को मजबूत बनाना और आत्मनिर्भर व विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। कहा कि विकसित भारत के लिए समाज के हर वर्ग को शिक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल सशक्तीकरण और समान अवसरों से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने नवनियुक्त ग्राम केंद्र पालकों से आह्वान किया कि वे संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त करें और जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में भूमिका निभाएं।