परिधि गृह से उपायुक्त कार्यालय तक निकाली रोष रैली, राज्यपाल को भेजा ज्ञापन
चिट्टा माफिया और संगठित अपराध पर सरकार को घेरा, ठोस कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को जिला मुख्यालय में प्रदेश की कानून व्यवस्था के मुद्दे को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने परिधि गृह से उपायुक्त कार्यालय तक रोष रैली निकाली और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर बिलासपुर सहित पूरे हिमाचल प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चिंता जताई और सरकार पर अपराधियों व माफिया पर अंकुश लगाने में विफल रहने का आरोप लगाया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि देवभूमि के नाम से पहचाने जाने वाले हिमाचल प्रदेश में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा हो गया है। उनका कहना था कि प्रदेश सरकार का पहला दायित्व नागरिकों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियां इसके विपरीत दिखाई दे रही हैं। नेताओं ने आरोप लगाया कि अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद हो रहे हैं और सरकार प्रभावी कार्रवाई करने में असफल साबित हुई है। ज्ञापन में भाजपा ने आरोप लगाया कि जिले में चिट्टा माफिया, नशा तस्करों, भू-माफिया, अवैध खनन माफिया तथा अन्य संगठित आपराधिक गिरोह सक्रिय हैं। पार्टी का कहना है कि चिट्टे का कारोबार युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर रहा है और इस पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। भाजपा ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार इस गंभीर समस्या से निपटने में पूरी तरह नाकाम रही है।
पार्टी ने हाल के दिनों में कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर मंडी-भराड़ी के समीप दो गुटों के बीच हुए जानलेवा हमले का भी उल्लेख किया। इसके अलावा जिला मुख्यालय में पूर्व में डीसी और एसपी कार्यालय, न्यायालय परिसर और चंगर सेक्टर स्थित एक आवासीय परिसर में हुई गोलीबारी जैसी घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि ये घटनाएं जिले में बिगड़ती कानून व्यवस्था का संकेत हैं। ज्ञापन में रेलवे परियोजना में रेत-बजरी ढुलाई को लेकर हुए विवाद और गोलीबारी की घटना का भी जिक्र करते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए गए। भाजपा ने कहा कि केवल बिलासपुर ही नहीं बल्कि प्रदेश के अन्य जिलों में भी हत्या, गोलीबारी, नशा तस्करी, हिंसक हमलों और संगठित अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। पार्टी का आरोप है कि बाहरी और स्थानीय आपराधिक तत्व बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं और कई मामलों में आरोपी आसानी से फरार हो जाते हैं। ज्ञापन के माध्यम से भाजपा ने राज्यपाल से आग्रह किया कि प्रदेश सरकार को बिलासपुर सहित पूरे हिमाचल में कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए जाएं। इस अवसर पर सदर विधायक त्रिलोक जमवाल, श्री नयना देवी जी विधायक रणधीर शर्मा, पूर्व विधायक जीतराम कटवाल, जिला भाजपा अध्यक्ष कृष्ण लाल ठाकुर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जिला मुख्यालय पर रैली निकालते भाजपा कार्यकर्ता। स्रोत: जागरूक पाठक