संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला बिलासपुर की जिला कार्यसमिति की बैठक शुक्रवार को भाषा एवं संस्कृति विभाग के सभागार में जिला अध्यक्ष कृष्ण लाल चंदेल की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिला प्रभारी रश्मि धर सूद मौजूद रहीं।
जिला अध्यक्ष कृष्ण लाल चंदेल ने कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए हाल में आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा और केंद्र सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
जिला प्रभारी रश्मि धर सूद ने कहा कि भाजपा का संगठन अनुशासन, समर्पण और सेवा के सिद्धांतों पर आधारित है। उन्होंने बूथ सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से सभी संगठनात्मक कार्यक्रमों को पूरी ऊर्जा के साथ सफल बनाने का आग्रह किया।