-छात्र पाठशाला बिलासपुर में 7 जनवरी से शुरू होगी स्पेस लैब
-बिलासपुर में होगी राष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में प्रदेश की पहली डिजिटल लाइब्रेरी शुरू हुई है जिसके बाद प्रदेश भर के सभी जिलों में इस मॉडल को अपनाने के निर्देश जारी हुए हैं। प्रदेश सरकार ने इसके लिए 89 करोड़ रुपये का बजट रखा है। जिले में शिक्षा के क्षेत्र में हुए बेहतर कार्यों के लिए प्रदेश सरकार ने जिला प्रशासन की सराहना की है।
बिलासपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में उपायुक्त बिलासपुर आबिद हुसैन सादिक ने गत वर्ष की उपलब्धियों और इस वर्ष की योजनाओं की जानकारी दी। बताया कि वर्ष 2024 में शिक्षा के क्षेत्र में नए प्रयास किए गए जिसके तहत डिजिटल लाइब्रेरी, स्पेस लैब और एक्टिविटी बेस शिक्षा शुरू की गई। इन सभी प्रयासों में सफलता मिली और प्रदेश सरकार ने भी इसके लिए जिला प्रशासन की पीठ थपथपाई। इसके साथ ही सभी जिलों को इस मॉडल को अपनाने के निर्देश दिए गए हैं जो जिले के लिए उपलब्धि है। उपायुक्त ने बताया कि छात्र पाठशाला घुमारवीं में पहली स्पेस लैब खोली गई। इसके बाद अब पांच और स्पेस लैब खोली जा रही हैं। 7 जनवरी को मंत्री राजेश धर्माणी छात्र पाठशाला बिलासपुर में स्पेस लैब का शुभारंभ करेंगे। उपायुक्त ने बताया कि इसके अलावा वाटर स्पोर्ट्स शुरू होना भी जिले के बड़ी उपलब्धि है। प्रदेश के कैलेंडर में वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों को दर्शाना और मुख्यमंत्री ने अपने नव वर्ष संदेश में भी वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों को दर्शाया है। इस मौके पर डीपीआरओ मीना बेदी और एपीआरओ हेमंत नेगी मौजूद रहे।
इनसेट
मार्च तक डीसी कार्यालय बनेगा ग्रीन कार्यालय
उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से एक पहल की गई थी कि उपायुक्त कार्यालय को ग्रीन कार्यालय बनाया जाए। यह प्रस्ताव भी स्वीकार हो गया है और 70 लाख का बजट इसके लिए मंजूर हुआ है। इसमें से 42 लाख रुपये हिमुडा को ट्रांसफर कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि इसका कार्य शुरू होने वाला है और मार्च तक यह पूरा हो जाएगा। प्रदेश का यह पहला ग्रीन डीसी कार्यालय बनेगा।
इनसेट
राष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता
जिला प्रशासन की ओर से बिलासपुर में राष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता करवाने की तैयारी की जा रही है। उपायुक्त ने बताया कि बंदला पैराग्लाइडिंग साइट एक अद्भुत साइट है। यह एक्वा गतिविधियों के लिए एशिया में सबसे सुरक्षित साइट है। गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता के लिए उन्होंने पर्यटन विभाग से बात की है और फंडिंग की मांग की गई है। विभाग की ओर से आश्वासन दिया गया है कि वह इसके लिए हर संभव सहायता करेंगे।
इनसेट
सीसीटीवी कैमरे से लैस होंगे बिलासपुर-घुमारवीं शहर
उपायुक्त ने बताया कि सुरक्षा को बढ़ाने और अपराध को कम करने के लिए घुमारवीं और बिलासपुर शहर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके लिए कवायद शुरू कर दी गई है। बिलासपुर शहर में यह कार्य मार्च तक और घुमारवीं में अप्रैल तक पूरा हो जाएगा। दोनों शहर के चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि यह महिला सुरक्षा की दृष्टि से भी अच्छा कदम है।