विकास खंड झंडूता के अंतर्गत आनंदघाट-बैहरन कोहली सड़क पर लगभग दो महीने पहले की गई टारिंग उखड़ गई है। सड़क की टारिंग उखड़ने के कारण इलाके के लोगों को एक बार फिर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
हालत यह है कि टारिंग उखड़ने से सड़क पर वाहन चलाना भी मुश्किल हो गया है। इसके साथ ही कार्य पर भी सवाल उठने लगे हैं।
विभाग ने टारिंग उखड़ने पर संबंधित ठेकेदार की पेमेंट रोक दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क की उखड़ी टारिंग को दुरुस्त करने के बाद ही ठेकेदार की पेमेंट जारी होगी।
आनंदघाट से बैहरन कोहली तक की सड़क कई सालों से खस्ताहाल थी। दो महीने पहले ही इस सड़क को दुरुस्त करते हुए टारिंग का कार्य किया गया। लेकिन, अब टारिंग जगह-जगह से उखड़ गई है।
इस वजह से ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम पंचायत बैहना ब्राह्मणा के उपप्रधान राजेंद्र सिंह, अमर सिंह, रतन सिंह, करता सिंह, भाग सिंह, बृज लाल, सदा राम, सुरेंद्र सिंह, कश्मीर दास, सतीश कुमार, दुर्गा दास, बसंत राम, अमर सिंह ठाकुर, धनी राम और योगेंद्र सिंह ने बताया कि इस सड़क की हालत बेहद खस्ता हो गई थी। लोगों की मांग पर इस पर टारिंग भी की गई।
लेकिन, अब वह दोबारा से जगह-जगह से उखड़ गई है। दो महीने में एक तो सड़क का कार्य पूरा नहीं हुआ है। इससे चालकों का वाहन चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने मांग की है कि सड़क को दुरुस्त किया जाए।
लोनिवि के अधिशासी अभियंता पीसी वर्मा ने कहा कि सड़क की टारिंग को दोबारा दुरुस्त करने बारे में सबंधित ठेकेदार को कहा गया है। विभाग ने उसकी पेमेंट रोक दी है। कार्य दुरुस्त होने के बाद ही इसे जारी किया जाएगा।