बिलासपुर। भारतीय राष्ट्रीय सहकारी संघ सहकारी शिक्षा क्षेत्रीय परियोजना बिलासपुर ने पंतेहड़ा में आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर जागरुकता शिविर का आयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रवि कृषि सेवा सहकारी सभा सीमित पंतेहड़ा के प्रधान रामनाथ कालिया ने की। इस दौरान वेद प्रकाश शर्मा ने सहकारी सिद्धांतों के बारे में जानकारी दी।
रामनाथ कालिया ने कहा कि सहकारी सभा ग्रामीण लोगों की बैंकिंग की सारी जरूरतों को पूरा कर रही है। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के शाखा प्रबंधक ठाकुरदास शर्मा ने उपस्थित लोगों को राज्य सहकारी बैंक की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। कृषि उपनिदेशक (सेवानिवृत्त) डॉ. रवि शर्मा ने प्रतिभागियों को कृषि से संबंधित विभिन्न प्रकार की जानकारी प्रदान की। किसानों को फसलों में आने वाली बीमारियों के बारे और उसके उपचार के बारे में बताया।
सहकारी सभाएं घुमारवीं के निरीक्षक कमलेंद्र कुमार ने सहकारिता विभाग की ओर से किए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी। लोगों को सहकारी सभा से जुड़ने के बारे में प्रेरित किया। भारतीय राष्ट्रीय सहकारी संघ सहकारी शिक्षा परियोजना बिलासपुर के परियोजना अधिकारी चमन लाल शर्मा ने प्रतिभागियों को भारतीय राष्ट्रीय सहकारी संघ एवं सहकारी शिक्षा परियोजना की ओर से चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की जानकादी दी। कहा कि परियोजना सहकारिता के प्रचार प्रसार के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन समय-समय पर करती है। उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए चलाए जा रहे कौशल विकास कार्यक्रमों की भी जानकारी दी। संवाद