भराड़ी तहसील को डिनोटिफााई करने के विरोध में घुमारवीं एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना देते भाजपा क?
- फोटो : BILASPUR
घुमारवीं (बिलासपुर)। लोगों की सुविधा के लिए खोले गए संस्थानों और कार्यालयों को बंद करने के विरोध में शुक्रवार को घुमारवीं भाजपा मंडल ने एसडीएम राजीव ठाकुर को ज्ञापन सौंपा। पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग की अध्यक्षता में तहसील परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया।
गर्ग ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार बदले की भावना से कार्य कर रही है। पूर्व सरकार में खोले गए संस्थानों और अन्य कार्यालयों को बंद किया जा रहा है। घुमारवीं विस क्षेत्र के अंतर्गत भराड़ी में खोली गई तहसील को भी रद्द कर दिया गया। कहा कि घुमारवीं तहसील का कार्य क्षेत्र अत्याधिक होने के चलते ही भराड़ी में तहसील खोली गई थी।
इस तहसील का कार्यालय 10 अक्तूबर 2022 से शुरू हो गया था। उसी दिन से तहसीलदार भराड़ी कार्यालय में सेवाएं दे रहे थे। उन्होंने कहा कि वेटरनेरी डिस्पेंसरी पपलाह और तयून खास का बंद करना एवं विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में बिस्तरों की संख्या कम करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
भाजपा सरकार ने कपाहड़ा में लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए लोक निर्माण विभाग का सब डिवीजन, भगेड़ में लोक निर्माण विभाग का सेक्शन खोला गया लेकिन कांग्रेस सरकार ने इन्हें बंद कर दिया है। राजेंद्र गर्ग ने सरकार को चेताया कि अगर दस दिनों के अंदर कार्यालयों को बहाल नहीं किया तो भाजपा उग्र आंदोलन करेगी। संवाद