विभाग मुआवजा आवंटन के लिए की एकत्रित की पासबुक
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सतलुज नदी पर बनने वाले बहुप्रतीक्षित भंजवाणी पुल के निर्माण कार्य के लिए विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुल निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने सड़क अधोसंरचना निधि से 103 करोड़ 31 लाख रुपये की राशि जारी की थी। विभाग ने लोगों को मुआवजा आवंटन की भी प्रक्रिया शुरु कर दी है।
भंजवाणी पुल पुनर्निर्माण समिति के अध्यक्ष देश राज शर्मा ने बताया कि विभागीय कर्मचारियों ने इस पुल के दोनों ओर बनने वाली संपर्क सड़क के लिए अधिग्रहित की जाने वाली जमीन के मालिकों को मुआवजा देने के लिए उनके बैंक खाते एकत्रित करना शुरू कर दिए हैं। भूमि अधिग्रहण के लिए विभाग को प्रदेश सरकार से दो करोड़ 60 लाख रुपये की राशि जारी कर दी है।पूर्व की प्रदेश सरकार ने विधानसभा चुनावों से करीब चार माह पहले 103 करोड़ रुपये का बजट इस पुल के लिए मंजूर कराया था, लेकिन उसके बाद यह कार्य आगे नहीं बढ़ा। इसके बाद अब प्रदेश सरकार ने इस पुल के निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया है। पुल के दोनों ओर 545 मीटर अप्रोच रोड़ का निर्माण किया जाएगा, जिसके लिए 85 लोगों की 11 बीघा भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। भंजवाणी पुल के लिए लोग करीब 60 साल से मांग रहे हैं। इस पुल के लिए संबंधित पंचायतों के लोग लगातार इसके लिए लड़ाई लड़ रहे थे। अब प्रदेश सरकार ने लोगों की मांग को पूरा करते हुए इसकी मंजूरी दी है। पुल करीब 301 मीटर लंबा बनेगा और इसमें 43-43 मीटर से सात स्पैन होंगे।
इनसेट
सदर, घुमारवीं और झंडूता की जनता होगी लाभान्वित
इस पुल के बनने से औहर, अमरपुर, बकरोआ,पनौल, घुमारवीं, दकड़ी, अवारी, खलीन, पनोह, फटोह, झंडूता के विजयपुर, गेहड़वीं, हीरापुर, समोह, डमली, जांगला, नखलेहड़ा, डाहड, कलोल, जेजवीं, बडग़ांव, नघ्यार, बरठीं, सनीहरा, समेत सदर समेत तीनों विस क्षेत्र की करीब दो लाख की आबादी लाभान्वित होंगी। वहीं यह पुल बिलासपुर कंदरौर वाया चांदपुर सड़क पर यातायात के बोझ को भी कम करेगा और कंदरौर पुल में किसी समस्या के समय विकल्प के तौर पर भी कार्य करेगा।