बिलासपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी बिलासपुर डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि जिला में कोरोना टीकाकरण का दूसरा चरण 10 फरवरी से शुरू हो चुका है। 11 फरवरी को आरएच बिलासपुर, सीएच मार्कंडेय, सीएचसी भराड़ी तथा बस्सी बटालियन में 370 पुलिस कर्मियों और होमगार्ड जवानों को टीके लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में जिला में अब तक कुल 806 टीके लगाए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में अग्रिम पंक्ति में आने वाले कर्मचारियों, कोरोना योद्धाओं, जिसमें पुलिस कर्मी, होमगार्ड, शहरी निकायों, पंचायती राज विभाग के कर्मियों, राजस्व विभाग, मिलिट्री तथा पैरामिलिट्री फोर्स में आने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों का टीकाकरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पहले चरण में स्वास्थ्य विभाग के 2844 अधिकारियों व कर्मचारियों को कोविड वैक्सीन लगाई जा चुकी है। 84 प्रतिशत लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। उक्त विभागों के छूटे हुए अधिकारी व कर्मचारी नजदीक के खंड चिकित्सा अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं ताकि समय रहते उनका टीकाकरण किया जा सके। उन्होंने बताया कि पहले चरण के टीकाकरण के दौरान किसी तरह का कोई गंभीर दुष्प्रभाव नहीं दिखा। इसके चलते लोगों में टीका लगाने के लिए झिझक कम हुई है। उन्होंने आम जनता से कहा कि चरणबद्ध तरीके से टीके लगाए जाएंगे। पहला चरण पूर्ण हो गया है तथा अब दूसरा चरण चल रहा है।