बिलासपुर। जिला कोरोना संक्रमण से पूरी तरह मुक्त हो गया है। शनिवार को कोरोना का एक भी मामला सामने नहीं आया है। वहीं एक्टिव केस की संख्या भी शून्य हो गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीकाकरण पर पूरा जोर दिया गया है। वहीं कोरोना से बचाव के प्रति भी लोगों को जागरूक कर रहे हैं।
करीब दो साल पहले कोरोना संक्रमित मरीजों के मिलने की शुरुआत हुई थी। जिले में कोरोना संक्रमण इस कद्र फैला कि अस्पतालों में जांच कराने वालों की लंबी-लबी लाइनें लगने लगीं। जिले में 4 लाख 51 हजार 129 लोगों के कोरोना सैंपल किए जा चुके हैं। इसमें 18 हजार 235 लोग संक्रमित हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए कोविड वार्ड बनाए। घर-घर जाकर संक्रमितों को दवाइयां वितरित कीं। वहीं कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को जागरूक करने के साथ युद्धस्तर पर टीकाकरण का कार्य शुरू किया। इसका नतीजा यह रहा कि जिले में 3 लाख 63 हजार 900 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। जिला में अब न तो कोई एक्टिव केस है और न ही कोई नया मामला शनिवार को सामने आया है। एमओएच परमिंद्र ने बताया कि पिछले एक हफ्ते से जिले में कोई नया मामला देखने को नहीं मिला। एक एक्टिव केस जिला में था, लेकिन शनिवार को वह भी कोरोना मुक्त हो गया है। उन्होंने कहा कि दो साल में पहली बार हुआ कि जिले में एक्टिव केस शून्य है।