भानुपल्ली-बिलासपुर रेल लाइन परियोजना के प्रगति कार्यों की समीक्षा बैठक में मौजूद अधिकारी। स्रोत
तकनीकी, प्रशासनिक, स्थानीय स्तर पर हो रही समस्याओं पर की चर्चा
बोले-परियोजना को निर्धारित समय सीमा में पूरा करना सामूहिक जिम्मेदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला मुख्यालय के बचत भवन में भानुपल्ली-बिलासपुर रेल लाइन परियोजना के प्रगति कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त राहुल कुमार ने की और इसमें तकनीकी, प्रशासनिक, स्थानीय स्तर पर पेश आ रहीं समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि भानुपल्ली-बिलासपुर रेल लाइन राष्ट्रीय महत्व की परियोजना है और इसे निर्धारित समय सीमा में पूरा करना जिला प्रशासन, सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा स्वीकार नहीं होगी। परियोजना की गति को हर हाल में बनाए रखा जाएगा। बैठक में रेलवे अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय लोग कई बार विभिन्न मांगों या मुद्दों को लेकर निर्माण स्थल पर पहुंच जाते हैं, जिससे कार्य बाधित होता है। कुछ मामलों में हाथापाई जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं। इस पर उपायुक्त ने एसडीएम नयना देवी, संबंधित डीएसपी को निर्देश दिए कि रेलवे कार्यों वाले क्षेत्रों में पुलिस की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए और कानून व्यवस्था हर स्थिति में बनाए रखी जाए। उपायुक्त ने स्थानीय लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत होने पर सीधे संबंधित एसडीएम को अवगत कराएं। प्रशासनिक स्तर पर उचित हस्तक्षेप और समाधान की प्रक्रिया अपनाए जाने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाए, ताकि विकास कार्य प्रभावित न हों। बैठक में निर्माण कंपनी को निर्देश दिए गए कि कार्यों के दौरान सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाए और श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता हो। सुरंग निर्माण के कारण विभिन्न गांवों में मकानों को हुए संभावित नुकसान के मुद्दे पर भी चर्चा की गई। कंपनी ने बताया कि एनआईटी हमीरपुर से तकनीकी सर्वेक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इसके अतिरिक्त बैठक में भूमि अधिग्रहण, फ्लाईओवर निर्माण, प्रभावित सड़कों के मुआवजे और अन्य लंबित मामलों पर भी विचार-विमर्श किया गया। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को सभी प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम सदर राजदीप सिंह, एसडीएम नयना देवी जी धर्मपाल, विभिन्न विभागों के अधिकारी और आरवीएनएल के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।