28 मार्च तक करें दावा-आपत्तियां, नाम जोड़ने, हटाने या सुधार के लिए भरें फार्म
परिवार के सदस्य के माध्यम से भी कर सकते हैं आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य चुनावों के मद्देनजर अनुपूरक मतदाता सूचियां तैयार की जा रही हैं। इसके लिए खंड विकास अधिकारियों को पुनरीक्षण अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह प्रक्रिया केवल उन पंचायतों में लागू होगी, जो गठन, पुनर्गठन या विभाजन से प्रभावित नहीं हुई हैं और जिनकी अंतिम मतदाता सूची पहले ही प्रकाशित हो चुकी है। तैयार की गई अनुपूरक मतदाता सूचियों का निरीक्षण संबंधित पंचायत कार्यालय या खंड विकास अधिकारी कार्यालय में किया जा सकता है। इसके अलावा आयोग की वेबसाइट पर भी मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी, जिससे लोग घर बैठे भी अपना नाम जांच सकेंगे। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल नहीं हुआ है या किसी नाम को हटाने, संशोधित करने अथवा अन्य त्रुटि के संबंध में आपत्ति दर्ज करनी है, तो संबंधित व्यक्ति प्रारूप-2, 3 व 4 भरकर 28 मार्च 2026 तक अपना दावा या आपत्ति संबंधित कार्यालय में जमा कर सकता है। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि 1 अप्रैल 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को भी अनुपूरक मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति स्वयं उपस्थित होकर आवेदन नहीं कर सकता, तो वह अपने परिवार के किसी सदस्य के माध्यम से भी आवेदन प्रस्तुत कर सकता है। हालांकि, एक व्यक्ति अधिकतम दो ही फार्म जमा कर सकता है। दावे और आपत्तियों के निपटारे की अंतिम तिथि 02 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है, जबकि अपील प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 10 अप्रैल 2026 रहेगी। अपीलों का निपटारा 17 अप्रैल को किया जाएगा। इसके बाद अनुपूरक मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 20 अप्रैल 2026 या उससे पहले कर दिया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे समय रहते मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित करें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।