कहलूर लोक उत्सव में प्रस्तुति देती महिलाएं। स्रोत: डीपीआरओ
महिला मंडलों की प्रस्तुति ने मोहा मन, तीन दिन तक गूंजते रहे लोकगीत
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला-2026 के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय कहलूर लोकोत्सव का शुक्रवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हो गया। लोक संस्कृति को समर्पित इस आयोजन ने न केवल दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया, बल्कि पारंपरिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त संदेश भी दिया।
समापन समारोह में उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए कार्यक्रम की सराहना की। इस दौरान करीब 40 महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूहों और सांस्कृतिक दलों ने मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कहा कि कहलूर लोकोत्सव जैसे आयोजन हमारी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में जहां आधुनिकता का प्रभाव बढ़ रहा है, वहीं अपनी लोक परंपराओं को सहेजना और आगे बढ़ाना बेहद जरूरी है। लोकोत्सव के अंतिम दिन महिला मंडलों और स्थानीय कलाकारों ने गिद्धा, लोकगीत, संस्कार गीत, लोकनृत्य, धाजा और एकल गीतों की रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप पर सजे इन कार्यक्रमों ने दर्शकों को देर तक बांधे रखा। कलाकारों ने अपने प्रदर्शन के माध्यम से हिमाचल की लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों और सामाजिक जीवन की झलक प्रस्तुत की। इस अवसर पर कहलूर लोकोत्सव आयोजन समिति की संयोजक एवं जिला भाषा अधिकारी नीलम चंदेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।