घुमारवीं में किया आयुर्वेद वेलनेस पंचकर्म रिजॉर्ट का शुभारंभ
शिवालिक क्षेत्र में औषधीय पौधों पर आधारित पुस्तक का विमोचन
तुलसी रोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि आयुर्वेद केवल एक चिकित्सा पद्धति नहीं, बल्कि जीवन जीने की समग्र और प्राकृतिक शैली है। आधुनिक जीवनशैली के कारण बढ़ते रोगों के बीच आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा की प्रासंगिकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है।
राजेश धर्माणी घुमारवीं तहसील के तलवाड़ा गांव में आयुर्वेद वेलनेस पंचकर्म रिजॉर्ट के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि औषधीय पौधे न केवल शरीर को रोगमुक्त रखने में सहायक हैं, बल्कि मानसिक और आत्मिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कहा कि केरल की तर्ज पर हिमाचल प्रदेश में भी विशुद्ध आयुर्वेद आधारित आवासीय पंचकर्म केंद्रों की स्थापना से स्वास्थ्य पर्यटन को नई दिशा मिलेगी। इससे एक ओर रोगियों को बेहतर और प्राकृतिक उपचार उपलब्ध होगा, वहीं दूसरी ओर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। धर्माणी ने शिवालिक क्षेत्र में औषधीय पौधे नामक पुस्तक का विमोचन भी किया। यह पुस्तक आयुर्वेद चिकित्सक वैद्य नैंसी बन्याल ने लिखी है, जिसमें शिवालिक क्षेत्र में पाए जाने वाले औषधीय पौधों तथा खेती के माध्यम से उगाए जा सकने वाले पौधों का वैज्ञानिक और विस्तृत विवरण दिया गया है। उन्होंने पुस्तक की सराहना करते हुए इसे शोधार्थियों, किसानों, आयुर्वेद चिकित्सकों और आमजन के लिए उपयोगी बताया। इसके बाद उन्होंने संस्थान परिसर में तुलसी का पौधा रोपा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इससे पूर्व संस्थान के संस्थापक धनी राम वर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए बताया कि आयुर्वेद वेलनेस पंचकर्म रिजॉर्ट की परिकल्पना विशुद्ध आयुर्वेद सिद्धांतों पर आधारित है। यहां रोगियों को 24 घंटे चिकित्सकों की निगरानी में पारिवारिक वातावरण जैसी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। संस्थान में आवासीय पंचकर्म चिकित्सा, आयुर्वेदिक औषधियों से शमन चिकित्सा, योग, ध्यान सहित अन्य प्राकृतिक और आध्यात्मिक उपचार पद्धतियों के माध्यम से उपचार किया जाएगा। बताया कि रोगियों के लिए ऋषि-मुनियों की कुटिया की तर्ज पर विशेष मिट्टी के कुटीर बनाए गए हैं, जिससे शांत वातावरण में रहकर रोगी मानसिक और शारीरिक रूप से शीघ्र स्वस्थ हो सके। कार्यक्रम में पूर्व विधायक बंबर ठाकुर, ग्राम पंचायत तलवाड़ा के प्रधान धनी राम वर्मा, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य, महिला व युवक मंडलों के सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।