राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऋषिकेश में सात दिवसीय एनएसएस आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। गोबिंद सागर झील के उस पार स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऋषिकेश में चल रहे सात दिवसीय एनएसएस शिविर के दूसरे दिन की शुरुआत योग और प्रात: भ्रमण से हुई। कुमारसेन के थाना प्रथारी विकास शर्मा ने बच्चों से भेंट की। उन्हें साइबर क्राइम के बारे में जागरूक किया।
थाना प्रभारी विकास शर्मा ने कहा कि वर्तमान में अधिकांश घरों में एंड्रायड फोन हैं, चूंकि यह मौजूदा परिवेश की जरूरत भी हैं, लेकिन सबसे ज्यादा ठगे जाने का माध्यम भी यही हैं। उन्होंने बच्चों को बताया कि मोबाइल पर लुभावने संदेश कई बार जोखिम बन जाते हैं। लोग अनभिज्ञता या लालच के कारण इन ठगों के झांसे में आ जाते हैं तथा अपने जीवन भर की कमाई को पल भर में गंवा देते हैं। विकास शर्मा ने बताया कि फ्री में कभी कुछ नहीं मिलता है। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति से फोन पर बैंक या अन्य किसी प्रकार की जानकारी सांझा न करें। किसी को भी अपने ओटीपी, पिन पासवर्ड आदि न बताएं, एटीएम में लेनदेन करते समय भी सचेत रहें। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी दीपक शर्मा और भारती शर्मा ने इंस्पेक्टर विकास शर्मा का स्वागत किया। एनएसएस की गतिविधियों के बारे में अवगत करवाया। इस अवसर पर प्रिंसीपल सुखलाल ठाकुर, प्रवक्ता प्रदीप कुमार आदि मौजूद थे।