- डाइट जुखाला में मनाया विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस
- भाषण प्रतियोगिता में मुमुक्षा का पहला स्थान
संवाद न्यूज एजेंसी
जुखाला (बिलासपुर)। जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) जुखाला में खंड स्तरीय विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह बाबा की अध्यक्षता में मनाया गया। स्वास्थ्य शिक्षक विजय कुमारी शर्मा ने मानसिक स्वास्थ्य पर भाषण प्रतियोगिता भी कराई।
प्रतियोगिता में 12 बच्चों ने भाग लिया। स्पर्धा में मुमुक्षा ने पहला, अंशुल ने दूसरा और किरण ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। एम्स कोठीपुरा की तरफ से कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के अधिकारी डॉक्टर नवप्रीत और डॉक्टर प्रतीक ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही मानसिक रोगों या मानसिक स्वास्थ्य के लिए हर व्यक्ति को कौन-कौन से टिप्स अपनी जिंदगी में अपनाने चाहिए उनके बारे में भी जानकारी दी। डॉक्टर सुरेंद्र सिंह बाबा ने बताया दुनियाभर में मानसिक स्वास्थ्य के मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हर साल 10 अक्तूबर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है। इस साल यह 31वां विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस मनाया जा रहा है। विश्व स्तर पर हर 8 व्यक्तियों में से एक व्यक्ति मनोरोग से ग्रस्त है। मन को तनाव से दूर रखने के लिए पर्याप्त नींद जरूरी है। इसके अलावा आराम करना सीखें, अपना सामाजिक नेटवर्क मजबूत करे, समय मिलने पर कुछ नया सीखें, अपने खाने पीने में बदलाव करें और दूसरों से मदद लेने में संकोच न करें। इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य संजय शामा, स्वास्थ्य शिक्षक विजय कुमारी, स्वास्थ्य सुपरवाइजर प्रमोद और रेखा कुमारी और अन्य लोग उपस्थित रहे।