चिकित्सकों ने लोगों को सतर्क रहने की दी सलाह
भीड़ से बचने और मास्क उपयोग की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर अब लोगों की सेहत पर भी दिखने लगा है। क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में इन दिनों खांसी, जुकाम और बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। रोजाना बड़ी संख्या में लोग उपचार के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं।
अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार तापमान में अचानक हो रहे उतार-चढ़ाव के कारण वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है। इससे बच्चों और बुजुर्गों में खांसी-जुकाम के मामले अधिक सामने आ रहे हैं। ओपीडी में आने वाले अधिकांश मरीज खांसी, जुकाम, गले में खराश, बुखार और नाक बहने जैसी समस्याओं से परेशान हैं।
चिकित्सकों ने लोगों को मौसम के अनुसार सावधानी बरतने की सलाह दी है। उनका कहना है कि भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें और बच्चों तथा बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। यदि खांसी, जुकाम या बुखार के लक्षण लगातार बने रहें तो स्वयं दवा लेने के बजाय तुरंत चिकित्सक से परामर्श लें।
डॉक्टरों ने लोगों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और आवश्यकता पड़ने पर मास्क का उपयोग करने की सलाह दी है, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर के एमएस डॉ. एके सिंह ने बताया कि इन दिनों मौसम में बदलाव के कारण खांसी-जुकाम के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की अपील की है।