पडयालग में आंगन से गायब हुई थी बिजली की मोटर, फाइबर ऑप्टिकल मशीन भी मिली
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। भराड़ी थाना क्षेत्र के पडयालग कस्बे में बिजली की मोटर चोरी के मामले में पुलिस की कार्रवाई शुरू होते ही चोर मोटर वापस छोड़ गए। चोरी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो अज्ञात चोरों ने पकड़े जाने के डर से रात के समय मोटर मालिक के घर के पास छोड़ दी। मोटर सही सलामत मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार वीरवार को पडयालग गांव की अनीता देवी ड्यूटी के लिए आंगनबाड़ी केंद्र गई थीं। इसी दौरान अज्ञात चोर उनके घर के आंगन में रखी बिजली की मोटर चोरी कर ले गए। घर लौटने पर मोटर गायब मिली तो उन्होंने भराड़ी पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस की सक्रियता के बाद चोर मोटर वापस छोड़ गए।
इसी क्षेत्र में गुम हुई फाइबर ऑप्टिकल सप्लाइसर मशीन भी पुलिस ने बरामद कर ली। जांच में पता चला कि मशीन चोरी नहीं हुई थी। काम के दौरान मालिक उसे भराड़ी में ही भूल गया था। बाद में मशीन नहीं मिली तो मालिक को चोरी का शक हुआ और उन्होंने पुलिस में शिकायत दी। पुलिस की जांच के दौरान मशीन बरामद हो गई। पूछताछ में मालिक ने बताया कि मशीन गलती से वहीं छूट गई थी।