पात्र परिवारों को 1500 रुपये मासिक सहायता, 300 यूनिट मुफ्त बिजली और आवास के लिए मदद का प्रावधान
घुमारवीं क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा मंत्री ने सुनी लोगों की समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार व्यवस्था परिवर्तन के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए काम कर रही है। अपना परिवार सुखी परिवार योजना के तहत ऐसे 80 हजार परिवारों को सरकारी सहायता के दायरे में लाया जा रहा है, जो अब तक आईआरडीपी या बीपीएल जैसी योजनाओं का लाभ नहीं ले पाए हैं।
धर्माणी ने शुक्रवार को घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत दधोल और पपलाह में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रमों में लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने दधोल, डंगार, छन्दोह, पटयालग, गाहर, गतवाड़, कसारू और पपलाह, करलोटी, कपाहड़ा, पलासला, छत, संडयार व कोटलू ब्राह्मणा पंचायतों के लोगों से संवाद किया।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत पात्र परिवारों को हर माह 1500 रुपये की आर्थिक सहायता, 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली और आवास निर्माण के लिए आर्थिक सहयोग देने का प्रावधान है। सरकार हिमकेयर योजना को बीमा आधारित बनाकर 10 लाख रुपये तक की कैशलेस उपचार सुविधा देने की दिशा में भी काम कर रही है। इसका शुभारंभ दो अक्तूबर से प्रस्तावित है। मंत्री ने पंचायत प्रतिनिधियों और अधिकारियों को पात्र परिवारों की पहचान कर 20 सितंबर से पहले पंजीकरण पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी जरूरतमंद परिवार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।
धर्माणी ने कहा कि अनाथ बच्चों के लिए सुख-आश्रय योजना, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं के बच्चों की शिक्षा के लिए इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना तथा विद्यार्थियों को एक प्रतिशत ब्याज पर 20 लाख रुपये तक शिक्षा ऋण देने जैसी योजनाएं भी संचालित की जा रही हैं। किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए दूध और विभिन्न फसलों के समर्थन मूल्य तय किए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुविधाओं के विस्तार को भी सरकार प्राथमिकता दे रही है।