-डॉ. हेमराज उपाध्यक्ष, प्रो. अनिल सचिव, सुरेश बने सह कोषाध्यक्ष
-शिवा कॉलेज में आरोग्य भारती हिमाचल का प्रांतीय वार्षिक सम्मेलन आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। शिवा कॉलेज ऑफ एजुकेशन घुमारवीं में आरोग्य भारती हिमाचल का एक दिवसीय प्रांतीय वार्षिक सम्मेलन संपन्न हुआ। इसकी अध्यक्षता आरोग्य भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राकेश पंडित ने की।
सम्मेलन में एक स्मारिका का विमोचन अतिथियों ने किया। प्रांत कार्यकारिणी में नए सदस्य जोड़ने के विषय पर चर्चा की गई। उसके बाद डॉ. हेम राज शर्मा को उपाध्यक्ष, प्रो. अनिल भारद्वाज को सचिव और सुरेश गुप्ता को सह कोषाध्यक्ष चुना गया। डॉ. राकेश पंडित ने प्रतिभागियों से आने वाले वर्ष में नशा मुक्ति एवं पर्यावरण सुरक्षा पर विशेष अभियान चलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य में आरोग्य मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम से आमजन को आरोग्य प्राप्ति में जागरूक करने में विशेष सहायता मिलेगी। इस मौके पर डॉ. प्रमोद पारिक ने पर्यावरण संरक्षण, डॉ. संजीव चौधरी ने नशा मुक्ति एवं डॉ. राकेश पंडित ने संगठनात्मक विषय पर अपनी प्रस्तुति दी। सम्मेलन में भोपाल से आए आरोग्य भारती के राष्ट्रीय संगठन सचिव डॉ. अशोक वार्ष्णेय मुख्य वक्ता रहे। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर आरोग्य भारती के कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सम्मेलन में शिवा एजूकेशन सोसायटी के प्रबंधक निदेशक पुरुषोत्तम शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। सम्मेलन में हिमाचल के सभी जिलों से आए 81 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।