बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या बिलासपुर में सोमवार को अमर उजाला फाउंडेशन के अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में प्रधानाचार्य मनोज कुमार शर्मा ने शिरकत की। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे शिक्षित व जागरूक बनकर अपने अधिकारों को जानें और समाज में नाम रोशन करें।
उन्होंने छात्राओं को कानूनी अधिकारों के बारे में जागरूक किया। कहा कि लड़कियों की शिक्षा और सुरक्षा के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। समाज में उत्पीड़न का शिकार हो रहीं महिलाओं के बारे में पुलिस को जानकारी देकर एक आदर्श नागरिक का दायित्व निभाने की जिम्मेवारी हम सभी की है। कहा कि अमर उजाला फाउंडेशन की मुहिम सराहनीय है।इसका लाभ उठाएं और अपने जीवन के लक्ष्य को प्राप्त करें। छात्राओं से बातचीत कर उन्हें भविष्य की चुनौतियों का डरकर नहीं डटकर कर मुकाबला करने की सलाह दी। कहा कि लड़कियों को किसी भी काम में पीछे नहीं रहना चाहिए।
हर बेटी को अपराजिता बनकर आना है आगे
स्कूल प्रधानाचार्य ने कहा कि आज भी समाज में बेटा-बेटी में भेदभाव किया जाता है। लोगों को बेटियों के प्रति अपनी मानसिकता बदलने की जरूरत है। आज बेटियां हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। अपराजिता का मतलब है जिसको कोई जीत न सके, हर बेटी को अपराजिता बनकर आगे आना है।
आईएएस अधिकारी बनना है सपना : मानवी
नवमीं कक्षा की छात्रा मानवी ने बताया कि वह आईएएस अधिकारी बनना चाहती हैं ताकि देश सेवा में अपना अहम योगदान दे सके। कहा कि कार्यक्रम में काफी कुछ सीखने को मिला।
भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए बनूंगी आईएएस: अनुष्का
अनुष्का ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि कार्यक्रम में काफी कुछ सीखने को मिला। कहा कि आईएएस अधिकारी बनाना चाहती हैं ताकि देश में फैले भ्रष्टाचार को खत्म कर सके।
लड़कियों की सुरक्षा के लिए कार्य करना प्राथमिकता : आकांक्षा
आकांक्षा ने कहा कि स्कूलों में ऐसे कार्यक्रम समय-समय पर करवाने चाहिए। कहा कि सिविल सर्विस में जाना चाहती हूं। लड़कियों की सुरक्षा के लिए कार्य करना प्राथमिकता रहेगी।
कला क्षेत्र में अपार संभावनाएं : मुस्कान
मुस्कान ने कहा कि कला क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। इसलिए थिएटर एक्टर बनना चाहती हैं। वहीं जिन लोगों को मंच नहीं मिल पाता उनके लिए कार्य करना चाहती हूं।
इंडिया टीम में खेलना है सपना : आकृति
आकृति ने कहा कि हैंडबाल खिलाड़ी हूं। इंडिया टीम में खेलना सपना है। हैंडबाल में अच्छा प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करना चाहती हूं।