- आठवीं कक्षा में पढ़ रहे विद्यार्थी कर सकते आवेदन, पहली नवंबर को 65 केंद्रों में होगी परीक्षा
- विद्यार्थियों को 9वीं से 12वीं कक्षा तक प्रतिमाह मिलेंगे एक हजार रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। नेशनल मीन्स कम मेरिट स्कॉलरशिप स्कीम (एनएमएमएसएस) परीक्षा 2026-27 के लिए विद्यार्थी 31 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। प्रदेश के स्कूलों में आठवीं कक्षा में पढ़ रहे विद्यार्थी एससीईआरटी सोलन की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक पर अपना फॉर्म भर सकते हैं। परीक्षा देने के बाद प्रदेश भर के 832 विद्यार्थियों का चयन छात्रवृत्ति के लिए किया जाएगा।
इन विद्यार्थियों को 9वीं से 12वीं कक्षा तक प्रतिमाह एक हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। स्कूल के प्रधानाचार्य/मुख्याध्यापक पांच सितंबर तक विद्यार्थियों के डेटा का सत्यापन करेंगे। इसमें पात्र विद्यार्थियों के चयन के लिए राज्य स्तर पर चयन परीक्षा पहली नवंबर को प्रदेश के 65 केंद्रों में होगी। परीक्षा में मानसिक और स्कॉलस्टिक क्षमता परीक्षण दो टेस्ट होंगे। परीक्षा का समय 90 मिनट रहेगा।
विद्यार्थी परीक्षा के 10 दिन पहले एससीईआरटी सोलन की वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा के लिए कोई आवेदन शुल्क नहीं है। छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए सत्र 2026-27 में किसी भी सरकारी, मान्यता प्राप्त निजी स्कूल के आठवीं कक्षा के विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। विद्यार्थी के माता-पिता की सभी स्रोतों से वार्षिक आय 3,50,000 रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदन करने के लिए सामान्य श्रेणी के विद्यार्थी ने सातवीं कक्षा में कम से कम 55 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हो। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को पांच प्रतिशत की छूट दी जाएगी। दिव्यांग श्रेणी के तहत आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को मानक प्रारूपों में सक्षम प्राधिकरण से प्रासंगिक प्रमाण पत्र संलग्न करना होगा। केवल उन्हीं चयनित विद्यार्थियों को अगले चार साल तक छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी जो किसी सरकारी, मान्यता प्राप्त निजी स्कूल में पढ़ाई करेंगे। छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए आवेदन करने के लिए विद्यार्थी के बैंक अकाउंट, जाति प्रमाणपत्र, दिव्यांग प्रमाणपत्र, विद्यार्थी के आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, विद्यार्थी के अभिभावक के आय प्रमाणपत्र की आवश्यकता है।